UP News: जिनेवा में मानवाधिकार पर काम, लखनऊ से Phd; विपाशा घनघोरिया ने PCS J परीक्षा में मारी बाजी
UPPCS Topper Vipasha Ghanghoria लखनऊ की विपाशा घनघोरिया ने भी पीसीएस जे परीक्षा में सफलता हासिल की है। विपाशा घनघोरिया ने डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल ...और पढ़ें

लखनऊ, ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2022 का बुधवार को परिणाम जारी कर दिया। इस परीक्षा में राजधानी लखनऊ की विपाशा घनघोरिया (Vipasha Ghanghoria) ने भी सफलता हासिल की है। विपाशा घनघोरिया ने डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, लखनऊ से एलएलबी ऑनर्स, बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी से एलएलएम किया है।
लखनऊ से पीएचडी कर रही हैं विपाशा
विपाशा ने जेनेवा स्थित यूनाइटेड नेशन हेडक्वार्टर के वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशन में मानवाधिकार पर काम किया है। यूजीसी से विधि में जेआरएफ विपाशा इस समय डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही हैं। उनके पिता डॉक्टर कुमार उमेश रेलवे के आरडीएसओ मंडल अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और मां सरिता क्षत्रिय केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में इंग्लिश की शिक्षिका हैं।
निशि गुप्ता टॉपर
बता दें, राज्य न्यायिक सेवा (पीसीएस-जे) की टॉपर निशि गुप्ता ने यूपीपीसीएस में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। निशि गुप्ता कानपुर के लाजपत नगर की रहने वाली हैं।
पिता चलाते हैं पान की दुकान
निशि गुप्ता के पिता निरंकार गुप्ता पान की दुकान चलाते हैं। संयुक्त परिवार में पली बढ़ीं निशि ने पढ़ाई का अच्छा माहौल पाया। सबसे अलग हटकर कानून की पढ़ाई का निर्णय लिया और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली। इससे पहले निशि ने मध्य प्रदेश और राजस्थान में साक्षात्कार दिया है।
2022 में एलएलएम के बाद पाई यह सफलता
निशि कहती हैं कि मम्मी-पापा इंटर तक पढ़े हैं, लेकिन उन्होंने बच्चों को हमेशा पढ़ाई का माहौल दिया। कभी कोई कमी नहीं आने दी। 2020 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि विभाग से बीएलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद तैयारी शुरू कर दी थी। 2022 में एलएलएम किया और इसके बाद यह सफलता पाई है। निशि बताती है कि बड़ी बहन शिवानी गुप्ता और भाई भी इंजीनियर हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।