विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा- विधायकों के परिवारीजनों और क्षेत्रीय जनता को भी दिखाएंगे सदन का नजारा, करेंगे गाइड की व्यवस्था
विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विधायकों के परिवारीजनों को सदन की कार्यवाही दिखाने का इंतजाम किया जाएगा। क्षेत्रीय जनता को भी सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए गाइड की व्यवस्था भी की जाएगी
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। विधायकों को लेकर समाज और यहां तक की घर-परिवार के पूर्वाग्रह पर विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने चुटीले अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विधायक तो मैं 32 साल से हूं लेकिन विधान सभा अध्यक्ष के तौर पर जब मैं पहली बार इस कुर्सी पर बैठा तो मेरे परिवार के सदस्यों ने राज्यपाल दीर्घा में पहली बार बैठ कर सदन का दृश्य देखा। उस दिन घरवालों को लगा कि मैं कुछ अच्छा काम भी करता हूं क्योंकि तब तक वे सोचते थे कि मैं नाली-खड़ंजे, थाना-चौकी में ही लगा रहता हूं।
विधान सभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पारित होने के बाद सदन को संबोधित करते हुए महाना ने कहा कि यहां बैठे विधायकों के बारे में उनके परिवारीजनों की भी यही धारणा हो सकती है। इसलिए विधायकों के परिवारीजनों को सदन की कार्यवाही दिखाने का इंतजाम किया जाएगा। इसके बाद विधायकों की क्षेत्रीय जनता को भी इसके लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए गाइड की व्यवस्था की जाएगी जो सत्र के दौरान या इसके अलावा लोगों को घुमाकर विधान सभा और उसके सचिवालय के बारे में जानकारी देंगे।
महाना ने कहा कि ई-विधान को लागू करने के बाद सदन की कार्यवाही को बेहतर बनाने के लिए वह लगातार प्रयास करेंगे। उन्होंने 18वीं विधान सभा में निर्वाचित हुए डाक्टर विधायकों के साथ बैठक की है। इसी कड़ी में वह अलग-अलग समूहों के साथ बैठक कर उनसे इस बारे में चर्चा करेंगे।
राष्ट्रपति को आमंत्रित करने का विशेष प्रस्ताव पारित : मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही महाना ने बताया कि छह जून को राज्यपाल समवेत सदन (विधान सभा और विधान परिषद को एक साथ) को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति को इसके लिए आमंत्रित करने के लिए विधान सभा ने विशेष प्रस्ताव पारित किया।
विधान सभा सचिवालय के कार्मिकों का भत्ता बढ़ा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधान सभा में घोषणा की कि विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों-कर्मचारियों को विधानमंडल सत्र के लिए मिलने वाला भत्ता 1000 रुपये बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विधान सभा के सुरक्षा कर्मियों को मिलने वाले पौष्टिक आहार भत्ता को भी उसी अनुपात में बढ़ाये जाने का एलान किया जितना पुलिसकर्मियों का बढ़ाया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।