UP Number One in Sanskrit Promotion :योगी आदित्यनाथ सरकार के संस्कृत संवर्धन प्रयासों को राष्ट्रीय सम्मान, बना नंबर वन राज्य
UP Number One in Sanskrit Promotion उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान की ओर से समन्वयिका राधा शर्मा ने सम्मान ग्रहण करते हुए इसे योगी आदित्यनाथ सरकार के मार्गदर्शन समर्पण और संस्कृतभाषा के प्रति निष्ठा का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश की शिक्षा और संस्कृति नीति की विजय है।

UP Number One in Sanskrit Promotion : राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश को संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और पुनरुत्थान के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतिगत प्रतिबद्धता और सक्रिय पहल के फलस्वरूप उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान को सोमवार को राष्ट्रीय मंच पर विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। इस समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह थे। विशिष्ट अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा मुख्य वक्ता संस्कृतभारती के संगठन मंत्री जयप्रकाश थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रान्ताध्यक्ष, संस्कृतभारती दिल्ली डॉ. वागीश बीजी ने की।
इस भव्य आयोजन में देशभर से आए संस्कृत प्रेमियों, विद्वानों, छात्रों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतिनिधियों ने इस सम्मान को "उत्तर प्रदेश के लिए संस्कृत पुनर्जागरण का स्वर्ण क्षण" कहा और भविष्य में और अधिक समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के खेल परिसर में संस्कृतभारती, दिल्ली एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त कार्यक्रम 1008 सामूहिक संस्कृत संभाषण शिविरों के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश को यह सम्मान प्रदान किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने संस्कृत के प्रचार, संरक्षण एवं व्यवहारिक विस्तार को लेकर संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति, संवादात्मक प्रशिक्षण शिविर, पाठ्यक्रमों का आधुनिकीकरण तथा संस्कृत के लिए विशेष बजट प्रावधान को लेकर बीते वर्षों में योजनाएं क्रियान्वित कीं।
उन्हीं को धरातल पर लाने के परिणामस्वरूप यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ। यह पुरस्कार न केवल संस्थान के लिए, बल्कि योगी आदित्यनाथ सरकार की भाषा नीति के लिए एक राष्ट्रीय स्वीकृति भी है। सरकार के सूचना विभाग ने तो प्रेस विज्ञप्ति भी संस्कृत में जारी करना प्रारंभ किया है। इसके साथ ही समय-समय पर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी संस्कृत भाषा में किया जाता है।
प्रशिक्षकों ने निभाई अहम भूमिका
संस्थान के अनेक प्रशिक्षकों ने इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें अंजु मिश्रा, आस्था शुक्ला, दीपिका मिश्रा, डॉ. दिवाकर मिश्र, डॉ. सत्यप्रकाश मिश्र, गरुण मिश्र, गीता वशिष्ठ, कीर्ति अत्रि, खुशी शर्मा, नीतू सक्सेना, प्रियंका शुक्ला, शिवप्रताप मिश्र, रजनीश तिवारी, रुद्रनारायण पांडेय आदि प्रमुख नाम हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।