Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट में लहराया यूपी का परचम, आगरा को प्रथम और वाराणसी को तीसरा स्थान

    देश के सभी राज्यों में स्मार्ट सिटी मिशन में उत्कृष्ट एवं अभिनव कार्य के लिए यूपी राज्य को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। स्मार्ट सिटी मिशन में दूसरे राउंड के शहरों में देश की चयनित 100 स्मार्ट सिटीज में प्रथम स्थान पर आगरा स्मार्ट सिटी तथा तृतीय स्थान पर वाराणसी रहा।

    By Umesh TiwariEdited By: Updated: Sat, 26 Jun 2021 09:08 AM (IST)
    Hero Image
    इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट में लहराया यूपी के आगरा को प्रथम और वाराणसी को तीसरा स्थान मिला है।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ : देश के सभी राज्यों में स्मार्ट सिटी मिशन में उत्कृष्ट एवं अभिनव कार्य के लिए उत्तर प्रदेश राज्य को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। स्मार्ट सिटी मिशन में दूसरे राउंड के शहरों में देश की चयनित 100 स्मार्ट सिटीज में प्रथम स्थान पर आगरा स्मार्ट सिटी तथा तृतीय स्थान पर वाराणसी रहा। स्मार्ट सिटी पुरस्कारों की अलग-अलग श्रेणियों में इकोनामी प्रोजेक्ट अवार्ड में आगरा को तीसरा स्थान मिला है। माइक्रो स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स के निर्माण और सफल संचालन के लिए दूसरा पुरस्कार मिला है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वाटर प्रोजेक्ट अवार्ड में वाराणसी स्मार्ट सिटी को अस्सी नदी के पर्यावरणीय पुनरुद्धार (इको- रेस्टोरेशन) के लिए पहला पुरस्कार मिला है। स्मार्ट शहरों में सिटी लीडरशिप अवार्ड में वाराणसी दूसरे स्थान पर रहा है। कोविड इनोवेशन अवार्ड में वाराणसी को महाराष्ट्र के कल्याण डोम्बिवली के साथ संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया। इसी श्रेणी के चौथे चक्र में चयनित सहारनपुर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

    केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत उत्तर प्रदेश के 10 शहर लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, अलीगढ़, झांसी, बरेली, सहारनपुर और मुरादाबाद शामिल हैं। इन शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कुल 9609 करोड़ रुपये के 476 प्रोजेक्ट चयनित किए गए हैं। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रतियोगिता में सभी विजेता शहरों को बहुत बहुत शुभकामनाएं। यह सब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सतत मार्गदर्शन और समीक्षा के कारण संभव हुआ है।

    अपर मुख्य सचिव नगर विकास डा. रजनीश दुबे ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन में प्रथम स्थान प्राप्त होना गौरव की बात है। इस वर्ष भी सभी स्मार्ट सिटी भौतिक और वित्तीय प्रगति में तेजी लाएं ताकि अगले वर्ष अधिक से अधिक पुरस्कार प्रदेश को मिल सकें। इस वर्चुअल अवार्ड फंक्शन में रजनीश दुबे, मिशन निदेशक डा. इंद्रमणि त्रिपाठी व सभी 10 समार्ट सिटी के सीईओ/नगर आयुक्त उपस्थित थे।

    बता दें कि स्मार्ट सिटी मिशन के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत चयनित 100 शहरों के मध्य इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट का आयोजन किया गया। कांटेस्ट के बाद केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों व शहरों के नाम की घोषणा की।