UPPCB Vacancy: प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 115 पदों पर होगी भर्ती, आयोग जल्द जारी करेगा विज्ञापन
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जल्द ही समूह ग के 115 पदों पर भर्ती करेगा जिसके लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को प्रस्ताव भेजा गया है। समूह ख के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में बदलाव होगा अब लिखित परीक्षा भी होगी। बोर्ड में 355 पद रिक्त हैं और 233 नए पद सृजित किए जाएंगे जिससे कुल पदों की संख्या 965 हो जाएगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समूह-ग के 115 पद जल्द ही उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से भरे जाएंगे। बोर्ड ने इनका अधियाचन आयोग को भेज दिया है। शीघ्र ही इस भर्ती का विज्ञापन प्रकाशित होगा।
समूह-ख के पदों पर भर्ती के लिए अभी इंतजार करना होगा। समूह-ख के पदों पर भर्ती के लिए बोर्ड नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव कर इन्हें लिखित परीक्षा के जरिये भरेगा। दरअसल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में स्वीकृत 732 पदों में से 355 पद रिक्त हैं।
बोर्ड के चेयरमैन डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड अपनी भर्ती प्रक्रिया में बदलाव करने जा रहा है। इस बदलाव के बाद समूह-ख के पदों की भर्ती के लिए अब लिखित परीक्षा भी होगी। अभी तक इन पदों पर भर्तियां केवल इंटरव्यू के आधार पर हो जाती थीं।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बोर्ड अब लिखित परीक्षा अनिवार्य करने जा रहा है। समूह-ग के पदों की भर्ती की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं हैं, शीघ्र ही इसका विज्ञापन जारी होने वाला है।
उन्होंने बताया कि बोर्ड अपनी वर्तमान आवश्यकताओं को देखते हुए अधिकारी व कर्मचारियों के 233 नए पद भी बढ़ाने जा रहा है। नए पदों के सृजन के बाद स्वीकृत पदों की कुल संख्या 965 हो जाएगी। इनमें मुख्य पर्यावरण अधिकारी व पर्यावरण अभियंता से लेकर समूह-ग के पद शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।