आराधना मिश्रा 'मोना' ने संभाला कार्यभार, पार्टी के कार्यकर्ताओं के विश्वास को और नेतृत्व के भरोसे को पूरा करना लक्ष्य
UPCC President Aradhana Mishra 'Mona': आराधना मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और संगठन के विस्तार का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी।
HighLights
इंडिया गठबंधन को अधिक मजबूत करना और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना प्राथमिकता
देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने में लगे राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के हाथ करेंगे मजबूत
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने रविवार को नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। प्रतापगढ़ के रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ने अपना पद संभालने के अपनी जिम्मेदारियों से मीडिया को अवगत कराया।
आराधना मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और संगठन के विस्तार का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, नेहरू भवन में पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने अपने कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, सांसद तनुज पुनिया और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के साथ अभय दुबे एवं मीडिया चेयरपर्सन मोहित का आभार व्यक्त किया।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान और संगठन को मजबूत बनाने के उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह समय केवल स्वागत और सम्मान का नहीं, बल्कि संघर्ष का है। कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक देश के लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आज संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उन्होंने एकजुट होकर इस संघर्ष को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस नेतृत्व की सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान की रक्षा, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, जिला एवं ब्लॉक इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाना और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर कांग्रेस बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश में बदलाव का संकल्प दोहराया
उन्होंने रोजगार, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, किसानों की समस्याओं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए प्रदेश में बदलाव का संकल्प दोहराया। आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते और SIR की प्रक्रिया स्थगित नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। इसके साथ ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना इस लड़ाई का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यकर्ताओं के विश्वास को और नेतृत्व के भरोसे को पूरा कर सकूं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि मेरी पहली जिम्मेदारी है कि मैं अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के विश्वास को और नेतृत्व के भरोसे को पूरा कर सकूं। उन्होंने कहा कि 2027 जो हमारा लक्ष्य है, उसमें सरकार बनाकर हम उत्तर प्रदेश की नई दिशा इस देश के लिए तय करें। हमको इंडिया गठबंधन को अधिक मजबूत करना ही है और यहीं हमारी प्राथमिकता है। हमारा लक्ष्य है, सबसे पहले हमारे सामने जो चुनौती है वो यह है कि देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए राहुल जी और प्रियंका जी जो संघर्ष कर रहे हैं, उसको ताकत देना।
2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। सभी दलों के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा जल्द ही हल कर लिया जाएगा। सभी कांग्रेसी एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को हराएंगे। उन्होंने कहा कि यह समय स्वागत का नहीं, संघर्ष का है। कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा करूंगी। देश का संविधान खतरे में है। 2024 से बेहतर परिणाम 2027 में लाएंगे। मोदी सरकार आज बैसाखियों पर है। 2027 में मजबूत सरकार लाने का संकल्प और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक संघर्ष जारी रहेगा।
जीवन कांग्रेस को समर्पित किया
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोना ने अपना जीवन कांग्रेस को समर्पित किया है। वह चौथी पीढ़ी से हैं। पंचायत सदस्य से लेकर एक प्रमुख विधायक बनने और आज उत्तर प्रदेश में सबसे ऊंचे पद पर होने तक, उनके नेतृत्व में कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी।
