UP कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आराधना मिश्रा के कार्य संभालने से पहले बवाल, कार्यकर्ताओं में चले जूते और हुई धक्का-मुक्की
Chaos at the UPCC Office: अजय राय और समर्थकों में भारी नाराजगी है। आराधना मिश्रा के कार्यभार संभालने के दौरान इस हंगामेदार आगाज के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
HighLights
निवर्तमान अध्यक्ष अजय राय ने लगाया बदसलूकी करने का आरोप, आ गए बाहर
कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी उनको मनाने में जुटे
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने रविवार को नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण के दौरान राय के समर्थकों से बदसलूकी हुई।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया। इससे पहले कांग्रेस कार्यालय का माहौल बिगड़ गया था। वहां पर कार्यकर्ताओं में आपस में जूते चले और धक्का-मुक्की भी हुई।
नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने आज से कांग्रेस अध्यक्ष का औपचारिक पदभार ग्रहण किया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया। आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में काफी हंगामा भी हुआ और कार्यकर्ताओं में आपस में जूते चले, इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई।
निवर्तमान अध्यक्ष अजय राय ने कार्यालय में अपने और साथियों के साथ लगाया बदसलूकी करने का आरोप लगाया। अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर आ गये। इसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी उनको मनाकर अंदर ले गए। इस घटना से अजय राय और समर्थकों में भारी नाराजगी। आराधना मिश्रा के कार्यभार संभालने के दौरान इस हंगामेदार आगाज के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

अजय राय धरने पर बैठे
समर्थकों के साथ अभद्रता से नाराज अजय राय धरने पर बैठे। इसके बाद में प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने उन्हें मनाया इसके बाद अजय राय ने मोना को कार्यभार ग्रहण कराया।
‘कौन अध्यक्ष’ के सवाल के बाद बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। उस समय वहां काफी भीड़ मौजूद थी। रास्ता बनाने के लिए अजय राय के समर्थकों ने कथित तौर पर कहा कि अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए। इस पर ममता चौधरी की तरफ से सवाल किया गया, ‘कौन अध्यक्ष’। इसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया।
अजय राय और ममता चौधरी के बीच टसल
बताया जा रहा है कि किसी पुराने मामले को लेकर पूर्व अध्यक्ष अजय राय और लखनऊ में पार्षद ममता चौधरी के बीच टसल चल रही थी। अजय राय ने अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में ममता चौधरी के प्रवेश को प्रतिबंधित कर रखा था, लेकिन मोना के अध्यक्ष बनने के बाद ममता चौधरी ने कांग्रेस मुख्यालय आना शुरू कर दिया। आज उनके समर्थकों ने भी अजय राय की हूटिंग की।
ममता चौधरी ने अजय राय पर अभद्र टिप्पणी की
कांग्रेस भवन पहुंचने पर पार्षद ममता चौधरी ने अजय राय पर अभद्र टिप्पणी की जिसको लेकर उनके समर्थक भड़क गए और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। किसी बीच कांग्रेसियों में जूते-लात भी चले।
प्रेस कान्फ्रेंस में शामिल नहीं हुए अजय राय
अजय राय प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हुए मोना को पदभार ग्रहण कर कर वहीं से चले गए और इमरान मसूद भी प्रेस कॉन्फ्रेंस से निकलकर सवालों का जवाब दिए बिना कांग्रेस भवन से बाहर चले गए।
अजय राय ने की ममता चौधरी की शिकायत
अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से ममता चौधरी के अभद्र व्यवहार की शिकायत की। अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा। उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है। अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
कौन हैं ममता चौधरी
ममता चौधरी लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता हैं। ममता चौधरी लखनऊ के मालवीय नगर वार्ड जोन से पार्षद हैं। ममता चौधरी लगातार चार बार से पार्षद हैं।
भाजपा ने कसा तंज
भाजपा ने कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में बवाल को लेकर एक्स पर पोस्ट किया। लिखा कि ‘मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार’। कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मान मर्दन कर दिया।
मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मान मर्दन कर दिया! https://t.co/DjLViLSwjJ
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) October 11, 2026
