Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UPCC: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी पहुंचे लखनऊ, संभाला कार्यभार

    By Dharmendra PandeyEdited By:
    Updated: Sat, 08 Oct 2022 03:39 PM (IST)

    UPCC President Brijlal Khabri बृजलाल खाबरी के साथ ही अन्य छह प्रांतीय अध्यक्षों ने भी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय माल एवेन्यु में अपना पद संभाला। पार्टी के नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे।

    Hero Image
    UPCC President Brijlal Khabri: अधयक्ष बृजलाल खाबरी

    लखनऊ, जेएनएन। UPCC President Brijlal Khabri: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय माल एवेन्यु पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया। पार्टी के कार्यालय पहुंचने पर कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने उसको सलामी दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष बृजलाल खाबरी शनिवार को दिन में करीब तीन बजे प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय पहुंचे। खाबरी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा और उसके बाद कार्यालय परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

    प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सभी जाति धर्म को सदैव उचित सम्मान दिया है। आज एक बार पुनः कांग्रेस नेतृत्व ने मेरे जैसे एक सामान्य व दलित परिवार के व्यक्ति पर विश्वास व्यक्त करते हुए मुझे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी हैं।कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जाति,धर्म संप्रदाय से ऊपर उठकर जन सामान्य की बेहतरी के लिए कार्य किया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री खबरी ने राष्ट्रीय महासचिव यूपी कांग्रेस प्रभारी आदरणीय प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश भर से आए कांग्रेस जनों को विश्वास दिलाया कि सभी निष्ठावान और ईमानदार व मेहनती कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर सभी कांग्रेसजनों की भरपूर सेवाएं लेने के साथ ही उचित सम्मान दिया जाएगा।

    प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने संबोधित करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जो मुझ पर विश्वास जताया मैं निश्चित रूप से उसमें खरा उतरने की कोशिश करूंगा। मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसका मैं पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगा। मेरी इच्छा थी कि मुझे जमीन पर काम करने का मौका मिले जिसको देखते हुए सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मुझे प्रांतीय अध्यक्ष बनाकर कार्य करने का अवसर प्रदान किया।

    प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय ने अपने सम्बोधन में आज के दिन महत्वूपर्ण बताते हुए कहा कि नेतृत्व ने जो विश्वास मुझ पर जताया है उसे मैं पूरी ईमानदारी से पूरा करने का प्रयास करूंगा। वर्तमान समय में चुनौतियां बहुत है जिससे हमें डट कर समाना करना होगा। मैं आपको महादेव की कसम खाकर विश्वास दिलाता हूं कि आपको जब कभी जहां कहीं मेरी आवश्यकता होगी मैं आप सभी कांग्रेसजनों के साथ कदम से कदम मिलाकर जनसंघर्ष की हर लड़ाई लड़ने के लिए तत्पर रहूंगा।

    प्रांतीय अध्यक्ष विधायक वीरेन्द्र चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि कांग्रेस की विरासत देश की विरासत है, जिसको आज कुछ बड़ी ताकते तोड़ना चाहती है। ऐसे में हमें एक साथ उनका डटकर सामना करने की जरूरत है। हमें गर्व होना चाहिए कि जिस प्रकार हमारी नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी, श्रीमती प्रियंका गांधी जी जनता के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखी है उससे जनता के बीच में कांग्रेस पार्टी व उसके नेतृत्व के प्रति विश्वास जगता दिखाई दे रहा है और एक दिन हमें अवश्य सफलता प्राप्त होगी।

    प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने अपने सम्बोधन में कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जो मुझे जिम्मेदारी सौपी है उसका आभार व्यक्त करता हूं। हमें एक साथ मिलकर इस देश व प्रदेश की गंूगी, बहरी अराजक सरकार को उखाड़ फेंकना है इसके लिए हम रात दिन मेहनत करगें और कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।

    प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में हमारे चुनौतियां बहुत सारी हैं ऐसे में हम सब को मिलकर एक साथ काम करने की आवश्यकता है। हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जो भारत जोड़ो यात्रा चलायी जा रही जिसको जनता का अपार समर्थन मिल रहा है हम यह कह सकते हैं कि आने वाले दिनों में हमें सफलता अवश्य प्राप्त होगी।

    प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि प्रियंका गांधी जी द्वारा जो मुझे उत्तरदायित्व मिला है उसका मैं पूरा निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्वाहन करूंगा। कांग्रेस पार्टी को जहां कहीं भी मेरी जरूरत होगी मैं वहां उपस्थित होकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का प्रयास करूंगा।

    प्रियंका गांधी वाड्रा के तमाम प्रयोग फेल

    उप्र में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के तमाम प्रयोग फेल होने के बाद खाबरी के रूप में दलित चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष का ओहदा सौंपने के साथ जातिगत समीकरणों को साधने के लिए उनके साथ प्रांतीय अध्यक्षों की टीम को पार्टी के नए दांव के तौर पर देखा जा रहा है। इस दांव के जरिये कांग्रेस अपने परंपरागत ब्राह्मण, दलित और मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश करती दिख रही है। कांग्रेस का यह नया प्रयोग उसकी टूटती उम्मीदों को कितनी संजीवनी दे पाएगा, यह तो वक्त ही बताएगा।

    कांग्रेस का लक्ष्य अब लोकसभा चुनाव 2024

    कांग्रेेस उत्तर प्रदेश में अपनी स्थिति सुधारने के प्रयास में लगी है। प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त होने के बाद से ही बदलाव का दौर जारी है। विधानसभा चुनाव में 403 सीट पर प्रत्याशी उतारने के बाद सिर्फ दो पर ही जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस का लक्ष्य अब लोकसभा चुनाव 2024 है। दलित प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने इस वोट बैंक को अपनी ओर खींचने का प्रयास किया है। इसके साथ ही छह प्रांतीय अध्यक्ष की नियुक्ति में क्षेत्रीय तथा जातीय समीकरण साधने का प्रयास किया गया है।

    उत्तर प्रदेश में अठारहवीं विधान सभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद अजय कुमार लल्लू ने मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया था। छह महीने से ज्यादा समय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी खाली थी तो इस दौरान पार्टी का प्रदेश कार्यालय भी बेरौनक रहा।