UP Weather Today: लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज, बाराबंकी में राहत की बारिश; IMD का ताजा अपडेट जारी
उत्तर प्रदेश में मौसम बदल रहा है। लखनऊ में बारिश का इंतजार है पर बाराबंकी में बारिश हुई जिससे धान की फसलों को लाभ हुआ। आगरा में बादल छाए रहे और शाम को वर्षा हुई। गोरखपुर देवरिया और बस्ती में भी बारिश की संभावना है। बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
संवाद सूत्र जागरण बाराबंकी/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तेजी से मौसम बदल रहा है। हालांकि अभी राजधानी वासियों को एक दो दिन और बारिश का इंतजार करना होगा। वहीं बगल के जिले बारांबकी में गुरुवार को कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। दोपहर में धूप के साथ उमस रही, लेकिन शाम को हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। बारिश से धान की फसलों को लाभ हुआ है।
अधिकतम तापमान जहां 31.50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.03 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप की तपिश से बचने के लिए लोग चेहरे को ढककर घरों से निकले। मौसम सुहावना होने के बाद शाम को बाजार में भी रौनक रही।
जिले में लगभग एक लाख 75 हजार हेक्टेयर में धान की खेती होती है। बारिश न होने से इसका विकास रुका हुआ था। गुरुवार को हुई बारिश से धान की फसल को सबसे अधिक फायदा हुआ। देर शाम हुई बारिश की वजह से नगर के मुहल्ला पैसार, विजयनगर, खलरिया, आनंद विहार के निकट, सरस्वती विहार के निकट कुछ जगहों पर पानी भर गया।
लगी रही बिजली की आवाजाही
नगर के मुहल्लों में दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही। नगर के मुहल्ला नेहरूनगर, कंपनी बाग, देवा रोड, सिविल लाइन, लाजपतनगर में सुबह 11 बजे ठप हुई बिजली दोपहर 12 बजे चालू हो सकी। इसके बाद भी दोपहर में बिजली की आवाजाही लगी रही।
आगरा का मौसम
आगरा शहर में गुरुवार को दिन में कभी धूप निकली तो कभी बादल छाए। दिन में ठंडी हवा चली। शाम पांच बजे के करीब मेघ बरसे। मौसम विभाग ने शुक्रवार को वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। शहर में बुधवार शाम और रात को वर्षा हुई थी। इससे उमस से लोगों को राहत मिली थी।
गुरुवार सुबह बादल छाए रहे, जिससे अधिकतम आर्द्रता सुबह 8:30 बजे 94 प्रतिशत तक पहुंच गई। दोपहर में धूप जरूर निकली, लेकिन बादलों की वजह से वह बेअसर रही। दोपहर में ठंडी हवा चलती रही। गुरुवार काे अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।
गोरखपुर का मौसम
गोरखपुर में शुक्रवार को बादल छाएंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा होगी। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा का पूर्वानुमान है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।