Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Weather: यूपी के पूर्वी शहरों में बढ़ा तापमान, नए पश्चिमी विक्षोभ ने दी दस्तक, तीन द‍िन बार‍िश का Alert

    By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
    Updated: Wed, 31 May 2023 07:37 AM (IST)

    UP Weather Alert Update Today उत्‍तर प्रदेश में एक बार फ‍िर मौसम तेजी से करवट ले सकता है। प्रदेश के कुछ ह‍िस्‍सों में गर्मी बढ़ने से अगले तीन द‍िनों क ...और पढ़ें

    Hero Image
    UP Weather Alert Update Today: यूपी में तीन द‍िन होगी बार‍िश

    लखनऊ, जासं। UP Weather Alert Update Today प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के मिजाज अलग अलग नजर आ रहे हैं। कहीं च‍िलच‍िलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं ठंडी हवाएं लोगों को राहत दे रही हैं। कानपुर में मंगलवार देर शाम आंधी के बाद बार‍िश ने जहां मौसम खुशनुमा क‍िया वहीं बुधवार की सुबह उमस भरी गर्मी से शुरु हुई। वहीं प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ ने दस्‍तक दी है। ज‍िसके चलते अगते तीन द‍िनों तक यूपी के कई ह‍िस्‍सों में बार‍िश के आसार हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश में चलेंगी तेज हवाएं और मौसम लेगा करवट

    पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार को गर्म हवा के थपेड़ों से तापमान में बढ़त दर्ज की गई। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं। मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके चलते उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। यह बारिश अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी।

    पूर्वी यूपी में नहीं होगा बार‍िश का असर, बढ़ेगा तापमान

    हालांकि मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में इसका असर नहीं पड़ेगा और वहां तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त दर्ज की जा सकती है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इटावा में 41 मिलीमीटर, हरदोई में 7.8 मिलीमीटर, आगरा में 6.9 मिलीमीटर के साथ उरई, झांसी, फतेहपुर, मेरठ समेत कई अन्य जिलों में बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सर्वाधिक तापमान प्रयागराज में 42.3 डिग्री और वाराणसी में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़त दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 20.5 डिग्री और मेरठ में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    कानपुर में नए पश्चिमी विक्षोभ ने दी दस्तक, तेज तपिश के बाद शाम को हुई वर्षा ने गर्मी से दिलाई

    नौतपा की गर्मी में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले एक सप्ताह में नौ मिमी वर्षा कराने वाला पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के बाद सोमवार देर रात एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दी। इसका प्रभाव मंगलवार को देखने को मिला। दिन में अधिकतम तापमान 38.4 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप निकलने के बाद शाम होते ही 25 किमी प्रति घंटे की गति से धूलभरी आंधी चली। शास्त्री चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में होर्डिंग तक गिर गए। शहर के कई इलाकों में 1.8 मिमी वर्षा हुई। शहरवासियों ने गर्मी से राहत महसूस की।

    बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, होगी वर्षा

    सीएसए के मौसम विज्ञानी डा.एसएन सुनील पांडेय ने बताया, इस बार मई माह में अधिक गर्मी नहीं पड़ी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मई के महीने की विदाई भी वर्षा के साथ हो रही है। मार्च, अप्रैल, मई माह को कमोबेश सूखा ही माना जाता है लेकिन इस बार इन तीनों महीनों में वर्षा ने दस्तक दी। उन्होंने बताया, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और दिन में धूप निकलने पर शाम के समय तेज हवा के साथ बूंदाबांदी और मेघ गर्जना होने की संभावना है।

    आंधी आने से आम और लीची की फसल को नुकसान

    मौसम व कृषि विज्ञानी ने बताया, आंधी आने व वर्षा होने से आम और लीची की फसल को नुकसान होने का अंदेशा बढ़ा गया है। वर्षा से उड़द, मूंग, मक्का और सब्जियों के लिए हल्की सिंचाई हो गई है। इससे इन फसलों को फायदा पहुंचेगा। वहीं, जिन क्षेत्रों 15 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई है वहां किसानों को पलेवा नहीं करना पड़ेगा। किसानों को सलाह है कि वो धान की नर्सरी तैयार करना शुरू कर दें। पानी की उपलब्धता के अनुसार किस्मों का चयन करें।

    प्रयागराज में पारा पहुंचा 42 पार अब गर्म होता जाएगा हर दिन

    दोपहर में चली गर्म हवाओं ने तापमान को बढ़ा दिया। सुबह से ही खिली धूप दोपहर में तल्ख हो गई। हल्के फुल्के बादलों के बावजूद सूरज अपने पूरे तेवर में दिखा। दोपहर में चली गर्म हवाओं की वजह तापमान में दो डिग्री की बढ़ोत्तरी हो गई। मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस पूरे सप्ताह गर्मी बढ़ने का क्रम चलता रहेगा। दो जून के बाद गर्मी अपने तेवर में दिखेगी। रविवार की शाम तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई थी। इसके बाद सोमवार को खिली धूप ने पारे को चढ़ा दिया। इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए मंगलवार को पारा दो डिग्री और चढ़ गया।

    दो जून के बाद बढ़ेगी गर्मी

    ऐसे में कुछ दिनों से राहत की सांस ले रहे लोगों अब मुश्किलों का सामाना करना पड़ा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रोफेसर एआर सिद्दीकी ने बताया कि बुधवार को आसमान साफ रहेगा। इससे तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दो जून के बाद गर्मी में तेजी से वृद्धि होगी। गर्म हवाएं चल सकती हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस था।