Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Weather Today: आगरा-गोरखपुर में बारिश ने किया सूरज के तेवर को ठंडा, प्रयागराज में प्रचंड गर्मी से त्राहि-त्राहि, जानिए आज यूपी के मौसम का हाल

    UP Weather Today Update मई का महीना आज खत्‍म होने वाला और जून शुरू होने वाला है। ऐसे में गर्मी का पारा रिकॉर्ड ऊपर जा रहा है। नतीजा लोग गर्मी बेहाल दिख रहे हैं। हालांकि आज कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के कई हिस्सों में अलग-अलग तापमान दर्ज किए जा रहे हैं। इस गर्मी ने लोगों को बहुत परेशान किया है।

    By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Fri, 31 May 2024 07:48 AM (IST)
    Hero Image
    आगरा में मशीन लगाकर ठंडे पानी की बौछार की गई। पानी की बौछार से पर्यटक खुश नजर आए। विनोद अग्रवाल

      डिजिटल डेस्‍क, जागरण लखनऊ। UP Weather Today जून के आने से पहले गर्मी ने अपने तेवर दिखाकर लोगों की हालत खराब कर दी है। जैसे-जैसे जून का महीना नजदीक आ रहा है, यूपी का तापमान भी ऊपर चढ़ने लगा। नतीजा गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया। चढ़ते पारे के सहारे गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। आइए जानते हैं कि आज कैसा रहेगा मौसम....

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वर्षा ने ठंडे किए सूरज के तेवर, आंधी से हुआ नुकसान

    आगरा में सूरज के तेवरों को गुरुवार को वर्षा ने ठंडा कर दिया। गर्मी से परेशान शहरवासियों को आंधी और वर्षा ने राहत दी। मगर, इससे नुकसान भी हुआ। जलकल विभाग का स्टाफ क्वार्टर ढह गया। इसके साथ ही शहर में कई स्थानों पर पेड़ और होर्डिंग्स भी गिर गए।

    कई स्थान पर पेड़ों की चपेट में आकर मकान व गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही गरज के साथ बौछार या तेज हवा के साथ वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है।

    पारा @ 45.1, टूटा 25 साल का रिकार्ड, आज से मिल सकती है राहत

    बरेली में गर्मी ने पिछले 25 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। जिले का अधिकतम तापमान गुरुवार को 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले 25 सालों में सबसे ज्यादा था। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 45.1 और न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 1998, मई में जिले का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी 25 सालों बाद गुरुवार का दिन सबसे ज्यादा भीषण गर्मी वाला दिन दर्ज हुआ।

    हालांकि, अब तापमान में शुक्रवार से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना हैं कि, बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूरवा हवा अब सक्रिय हो चुकी है। जिसकी वजह से शुक्रवार से हल्की राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

    मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बतातें कि शुक्रवार से अगले पांच दिनों तक मौसम वर्षा का बना रहेगा। इस बीच हल्की बूंदाबांदी हो भी सकती है और एक दो दिन नहीं भी हो सकती है। मगर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

    इसे भी पढ़ें-मृत शिक्षक की लगाई चुनाव ड्यूटी, बाद में दर्ज करा दिया मुकदमा, जानकारी हुई तो मचा हड़कंप

    तेज हवा देगी आंधी का एहसास

    मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार बताते हैं कि, शुक्रवार शाम तक तेज हवा चलना शुरू हो सकती है। जिसकी गति करीब 35 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से होगी। जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। चूंकि यह हवा पूरवा होगी इसलिए यह तापमान को भी गिराएगी। हालांकि शनिवार से हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना हैं।

    गोरखपुर में हुई छूटपुट बारिश

    गोरखपुर जिले में शुक्रवार तड़के सुबह कई जगहों पर बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि गुरुवार को भीषण गर्मी का कहर शहर में लगातार छठे दिन जारी रहा। दिन में तो आग बरसी ही, रात में भी राहत नहीं मिल सकी। पुरवा हवा के साथ आई नमी का साथ मिला तो धूप का तांडव बढ़ गया, इससे गर्मी और बढ़ गई। लोग तिलमिला उठे।

    गोरखपुर में शुक्रवार को आसमान में छिटपुट बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी से लेकर हल्की वर्षा की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। देवरिया और बस्ती में भी छिटपुट बादलों के छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है।

    कानपुर में नम हवा के साथ आए बादल

    मानसून के आने से पहले ही अरब सागर से उठ रही नम हवा के साथ बादलों का समूह गुरुवार को सुबह ही शहर पहुंच गया है । सुबह से आसमान में बादल आने लगे और दिन में बादलों की आवाजाही बनी रही इससे दिन का अधिकतम तापमान एक दिन पहले के 46.8 डिग्री से घटकर 44.02 डिग्री पर पहुंच गया।

    शहर का न्यूनतम तापमान गुरुवार को अब तक के उच्चतम स्तर 30. 6 पर दर्ज किया गया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों ही सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून के बादलों का असर बढ़ेगा।

    इसे भी पढ़ें-खुली किताब है गोरखपुर, यहां का विकास देख हर कोई होता है हैरान, पढ़ि‍ए यह Ground Report

    49 सालों में तीसरी बार जनपद का पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस

    मेरठ में गर्मी प्रचंड रूप ले रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके पहले वर्ष 2016 में मई में पारा इतना अधिक रिकार्ड किया गया। रात में गर्मी ने परेशान किया। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस था। यह भी सीजन का सबसे अधिक था। जनपद हीट वेव के शिकंजे में है।

    गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री अधिक था। इसके पहले सर्वाधिक तापमान 2020 मई में 44.5 डिग्री और 2016 में 44.6 डिग्री था।44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान वर्ष 1975 और 2016 में रिकार्ड किया गया था।

    मई का अब तक सबसे उच्च तापमान 2012 में 45 डिग्री है। सूरज की तप्त किरणें आग बरसा रही हैं और गर्म हवा की चुभन असहनीय हो गई। सड़कों पर गर्मी की मार से लोग त्रस्त रहे। मौसम विभाग ने 31 मई से हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

    प्रचंड गर्मी से त्राहि-त्राहि, बिलबिलाए लोग

    प्रयागराज में पिछले तीन दिन से प्रयागराज प्रचंड गर्मी की चपेट में हैं। एक दिन पहले 48.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गर्मी का रिकार्ड बनाने वाले प्रयागराज में गुरुवार का दिन भी धधकता रहा। एक तरफ दिन में बेतहाशा गर्मी पड़ी तो रात भी उबलती रही।

    गुरुवार को अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस नापा गया।वहीं गुरुवार की रात भी सीजन की सबसे गर्म रात बन गई। मौसम विज्ञानियों की मानें तो शुक्रवार को भी राहत की उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री के बीच रह सकता है।

    वाराणसी में पारा 47.8 डिग्री पार

    वाराणसी में आसमानी अंगारे सितम ढा रहे हैं। लू के थपेड़े झुलसा रहे हैं। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है क्योंकि सूरज तल्ख हो गए हैं। दो दिन पहले रिकार्ड हुआ अधिकतम तापमान का रिकार्ड गुरुवार को पीछे छूट गया। 72 साल में पहली बार ऐसा हुआ, जब मई महीने में सर्वाधिक तापमान रिकार्ड हो गया।

    अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान में ढाई डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। 32.5 डिग्री न्यूनतम तापमान होने से ''वार्म नाइट'' की मुश्किल बढ़ती जा रही है।