UP Weather: आंधी-बारिश व बिजली गिरने से 30 की मौत, गर्मी ने ली सात की जान; देखें आने वाले छह दिनों के मौसम का हाल
UP Weather Update News उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने से कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात हुआ जिसमें 30 लोगों की जान चली गई। सबसे ज़्यादा मौतें प्रयागराज और जौनपुर में हुईं। कानपुर में गर्मी से सात लोगों की मौत हो गई। वज्रपात से कई लोग घायल भी हुए हैं।

जागरण टीम, लखनऊ। UP Weather Update: प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। पश्चिम से लेकर पूर्वांचल तक कुछ जिलों में बूंदाबांदी होने से अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आई, मगर उमस से छुटकारा नहीं मिला है। वज्रपात, आंधी-बारिश ने विभिन्न जिलों में 30 लोगों की जान ले ली।
प्रयागराज और जौनपुर में पांच-पांच, ललितपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, बरेली, बिजनौर में दो-दो, कानपुर देहात, कुशीनगर, शाहजहांपुर, लखनऊ, हरदोई, संभल, झांसी, जालौन, अमेठी, सोनभद्र में एक- एक मौत हुई है। दूसरी ओर कानपुर में सात लोगों की मौत गर्मी की वजह से बताई जा रही है।
प्रयागराज में शनिवार रात छप्पर के नीचे सो रहे एक दंपती, उनकी दो मासूम बेटियों की मौत वज्रपात की चपेट में आकर हो गई। वज्रपात की एक अन्य घटना में भी एक मजदूर की जान चली गई, जबकि पत्नी झुलस गई। संभल में खेत पर काम कर रहे सात लोगों पर बिजली गिरी, जिसमें एक किशोरी की मृत्यु हो गई। इसके अलावा आंधी में पेड़ गिरने से दीवार के नीचे दबकर बुजुर्ग की मृत्यु हो गई।
रामपुर में मंदिर और मकान पर गिरी बिजली
रामपुर जिले में मंदिर और एक मकान पर बिजली गिर गई। गोरखपुर में तीन बच्चे बिजली गिरने से झुलस गए। इनमें एक बच्ची ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा लकड़ी बीनने के दौरान एक महिला की वज्रपात से मौत हो गई। जौनपुर में वज्रपात से सगे भाइयों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। गाजीपुर में भी वज्रपात से एक बच्चे और एक किसान की मौत हो गई।
बिजनौर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हरदोई में फसल की रखवाली के दौरान बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। अमेठी टीन शेड पर पेड़ की डाल गिरने से बुजुर्ग की मौत हो गई।
अन्य जिलों के मौसम की जानकारी के लिए यहां क्लिक करें...
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 18-20 जून के दौरान प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना है। जिसके परिणामस्वरूप आगामी सप्ताह ज्यादातर इलाकों में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस गिरावट हो सकती है।
आगरा का मौसम
आगरा में सुबह होते ही काले बादल उमड़ आए। लंबे इंतजार के बाद आगरा में पहली बरसात होने से लोगों को उमस से राहत मिली। अनुमान व्यक्त किया गया है कि आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में भी कमी आएगी।
मौसम का बदला मिजाज, झमाझम वर्षा ने दी राहत
बरेली: मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रविवार सुबह तेज हवाओं के साथ झमाझम वर्षा हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम पारा आठ डिग्री तक लुढ़क गया। दोपहर में धूप निकली और उमस बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में मौसम खुशगवार बने रहने की संभावना जताई है। जिले में करीब एक सप्ताह से सूरज की तपिश से दोपहर की चटक धूप से लोगों को गर्मी झेलनी पड़ रही थी। रविवार तड़के करीब पांच बजे तेज हवाएं चलीं, थोड़ी देर बाद झमाझम वर्षा ने तापमान में गिरावट कर दी। दोपहर में उमस सी स्थिति रही। मौसम विभाग ने 2.2 एमएम वर्षा दर्ज की।
शनिवार को ऊपरी तापमान 40.8 और निचला तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, रविवार को यह 32.7 और 24.2 तक पहुंच गया। ऐसे में न्यूनतम में करीब चार डिग्री और अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, वहीं तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना है।
छाए घने बदल, ठंडी हवाओं ने दो गर्मी से राहत
सुबह से आसमान में छाए घने बादल और तेज चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी है। इससे तापमान में कुछ कमी आई है। मौसम विभाग ने सोमवार से 20 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। 18 जून से भारी बारिश का भी अनुमान है। इससे तीन-चार दिनों तक तीन से पांच डिग्री तक तापमान में गिरावट आएगी।
सुबह से लखनऊ व आसपास के जिलों में बादल छाए हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की शुरुआत हो गई है। आज से तीन चार दिनों में यह जोर पकड़ेगा। उन्होंने बताया कि 18 जून को उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से होकर मानसून आगमन की स्थिति बन रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान हुई प्री मानसून बारिश की वजह से तापमान में गिरावट के साथ लू और उमस भरी गर्मी भी कम होनी शुरू हुई है। राज्य में जारी छिटपुट मानसून पूर्व बारिश की गतिविधियों एवं दक्षिण पश्चिम मानसून के पूर्वी उत्तर प्रदेश से राज्य में प्रवेश करने की अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।