यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में हरियाली का बनेगा नया रिकॉर्ड! अगले साल एक दिन में 37.50 करोड़ पौधरोपण की तैयारी
यूपी सरकार 2026 में एक दिन में 37.50 करोड़ पौधे लगाकर नया रिकॉर्ड बनाएगी। इसके लिए नर्सरी एक्शन प्लान तैयार ...और पढ़ें

HighLights
- 37.5 करोड़ पौधे एक दिन में |
- नर्सरी एक्शन प्लान तैयार |
- पर्यावरण संरक्षण का प्रयास |
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर योगी सरकार अगले वर्ष पौधारोपण का नया रिकार्ड बनाने जा रही है। सरकार वर्ष 2026 में एक दिन में 37.50 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
इतने बड़े स्तर पर पौधारोपण करने के लिए नर्सरियों में पौधों की पर्याप्त उपलब्धता आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नर्सरी एक्शन प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है। इस योजना के अंतर्गत नर्सरियों में पौधों की प्रजातियों की विविधता, संख्या और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
योगी सरकार हर वर्ष बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाती है। इस बार सरकार ने एक दिन में 37.21 करोड़ पौधे लगाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जो हरियाली और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अब सरकार का अगला लक्ष्य और भी बड़ा है।
पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सिर्फ पौधों का उत्पादन ही नहीं, बल्कि उनका रख-रखाव और उचित देखभाल भी जरूरी है।
इसके लिए नर्सरियों में पौधों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों और किसानों को प्रशिक्षित करने की पहल की जा रही है। जल्द ही कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पौधों की सिंचाई, खाद, सुरक्षा और रोग नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि इतने बड़े स्तर पर किया गया पौधारोपण केवल संख्या का खेल नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और हरियाली से भरपूर प्रदेश देना है।
एक ओर यह अभियान पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगा तो दूसरी ओर भूगर्भ जलस्तर को बनाए रखने, कार्बन उत्सर्जन घटाने और जैव विविधता को सहेजने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।