Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी के लिए अलग से तैयार होगा उपग्रह, बिजली से बचाएगा जान; CM योगी के सुझाव का ISRO के अध्यक्ष ने किया समर्थन

    Updated: Mon, 07 Jul 2025 08:31 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के लिए एक विशेष उपग्रह बनाने की योजना बना रही है। यह उपग्रह मौसम की सटीक जानकारी और आकाशीय बिजली जैसी आपदाओं की पूर्व चेतावनी देगा जिससे जान-माल की हानि को कम किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसरो के अध्यक्ष से मुलाकात कर इस बारे में चर्चा की। यह उपग्रह प्रदेश को तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने में भी सहायक होगा।

    Hero Image
    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।- फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के लिए अलग से उपग्रह तैयार करने की योजना पर विचार हो रहा है, जो न सिर्फ मौसम की सटीक जानकारी देगा, बल्कि बिजली (आकाशीय) जैसी आपदाओं से पहले चेतावनी भी देगा। इससे हर साल होने वाली सैकड़ों मौतों को रोका जा सकेगा। यह कदम राज्य को तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर भी ले जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष और भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग के सचिव डा. वी. नारायणन ने शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जिसमें राज्य के तकनीकी और आपदा प्रबंधन से जुड़े कई गंभीर विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

    इस मुलाकात का सबसे अहम पहलू प्रदेश के लिए अलग उपग्रह की संभावना रही। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि राज्य के लिए एक विशेष उपग्रह विकसित किया जाए, जो आकाशीय बिजली की चेतावनी समय रहते दे सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में राज्य में बिजली गिरने की घटनाओं में औसतन 300 लोगों की मृत्यु हुई है। यदि राज्य को समर्पित एक उपग्रह उपलब्ध हो, तो इससे जान-माल की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।

    इस पर डॉ. नारायणन ने गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस दौरान इसरो अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को रिमोट सेंसिंग तकनीकों की अब तक की प्रगति और उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से मौसम पूर्वानुमान, वन क्षेत्रों की निगरानी, भूजल स्तर का आकलन, मानचित्रण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर पहले ही गहन कार्य हो चुका है।

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश में इन तकनीकों के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। इसरो और राज्य सरकार के बीच सहयोग से प्रदेश को वैज्ञानिक तकनीकों की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अगर पृथक उपग्रह की योजना पर अमल हुआ, तो यह देश में किसी राज्य के लिए इस तरह की पहली पहल होगी, जो ना सिर्फ जान बचाएगी बल्कि विकास की रफ्तार भी बढ़ाएगी।