UP News: यूपी में गांव-गांव जाकर गन्ना सर्वे कैंप लगाएंगे अधिकारी, किसान दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
यूपी में पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना किसानों के लिए एक नई पहल की जा रही है। गन्ना विकास विभाग 20 जुलाई से 30 अगस्त तक गांव-गांव जाकर गन्ना सर्वे और सट्टा प्रदर्शन अभियान चलाएगा। किसान मौके पर ही फसल से जुड़े आंकड़ों में सुधार करा सकेंगे और 30 सितंबर तक सदस्यता के लिए आवेदन कर सकेंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना किसानों की सुविधा के लिए एक पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारदर्शी नीतियों के तहत गन्ना विकास विभाग गांव-गांव जाकर 20 जुलाई से 30 अगस्त तक गन्ना सर्वे और सट्टा प्रदर्शन अभियान चलाएगा।
इस दौरान किसान अपनी फसल से जुड़े आंकड़े देखकर मौके पर ही सुधार की आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। साथ ही किसान 30 सितंबर तक सदस्यता और उपज बढ़ोतरी के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
गन्ना आयुक्त प्रमोद कुमार उपाध्याय ने बताया कि एक मई से गन्ना सर्वेक्षण का कार्य चल रहा था, जो पूरा हो चुका है। सर्वे के दौरान जो भी आंकड़े मिले हैं, उसके आधार पर गन्ना सर्वे और सट्टा प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ‘गन्ना विभाग किसान के द्वार’ अभियान के तहत होगा।
इसमें विभाग के कर्मचारी किसानों को उनके गन्ना सर्वे और सट्टा से जुड़े कुल 63 बिंदुओं की जानकारी देंगे। अगर किसान को किसी भी बिंदु पर आपत्ति होती है तो वह तत्काल मौके पर दस्तावेज के साथ आपत्ति दर्ज करवा सकता है। इसका निस्तारण भी वहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने कहा कि गन्ना पर्यवेक्षक और संबंधित चीनी मिलों के कर्मचारी संयुक्त रूप से इस कार्य में शामिल होंगे। कार्यक्रम की निगरानी गन्ना समितियों के सचिव, जिला गन्ना अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
किसानों को टीम के आगमन की सूचना एसएमएस से दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे कैंप में जरूर भाग लें और अपनी भूमि, गन्ना प्रजाति, मोबाइल नंबर, बैंक खाता, बेसिक कोटा आदि की सही जानकारी दें।
यदि किसी वजह से कोई किसान कैंप में शामिल नहीं हो पाता है, तो वह पोर्टल पर उपलब्ध 63 कालम के आंकड़ों को देखकर आनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। इस बार 43 हजार से अधिक गन्ना ग्रामों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
किसानों को सट्टा प्रदर्शन के दौरान उन्नत खेती के तकनीकी सुझाव भी दिए जाएंगे। यदि किसी गांव में टीम तय तारीख पर नहीं पहुंचती है, तो किसान विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।