विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jobs in UP: 50 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य, 26 अगस्त से लखनऊ में होगा Rojgar Mahakumbh

Published: Mon, 18 Aug 2025 05:32 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 26 से 28 अगस्त तक लखनऊ में रोजगार महाकुंभ 2025 ...और पढ़ें

जागरूकता के लिए रोजगार रथ किया गया रवाना।
जागरूकता के लिए रोजगार रथ किया गया रवाना।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 26 से 28 अगस्त तक राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रोजगार महाकुंभ 2025 आयोजित होगा।

इसमें देश-विदेश की कंपनियां भाग लेंगी और 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। सोमवार को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने विधान सभा से रोजगार रथ को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान का शुभारंभ किया।

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर युवा को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसमें एक लाख से अधिक युवाओं का पंजीकरण अपेक्षित है।

रोजगार महाकुंभ में पंद्रह हजार से अधिक अंतर्राष्ट्रीय अवसर मिलेंगे, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जापान और जर्मनी जैसे देशों में प्लेसमेंट शामिल हैं। वहीं 35 हजार से अधिक घरेलू नौकरियां आईटी, विनिर्माण, सेवा और उभरते उद्योगों में दी जाएंगी।

प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने बताया कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को रोजगार और कौशल उत्कृष्टता का केंद्र बनाने की ऐतिहासिक पहल है। इसमें वैश्विक नियोक्ता, उद्योग जगत के नेता और नौकरी चाहने वाले एक मंच पर आएंगे। दस हजार से अधिक ऑफर लेटर मौके पर ही जारी होंगे, जिनमें दो हजार से अधिक विदेशी प्लेसमेंट के होंगे।

इस आयोजन में एआई प्रशिक्षण मंडप और रोजगार एवं कौशल प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण होंगे। यहां डिजिटल स्किल्स और एआई आधारित नौकरी की तैयारी पर फोकस रहेगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्टॉल पर स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी मिलेगी और राज्य के स्टार्टअप अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे। द इकोनॉमिक टाइम्स के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में भविष्य के रोजगार बाजार और कौशल रणनीतियों पर चर्चा होगी।

गौरतलब है कि सेवायोजन विभाग ने हाल ही में 5978 निर्माण श्रमिकों को इजराइल भेजा है। वहीं जर्मनी, जापान और इजराइल में नर्स व केयरगिवर की नई रिक्तियां आई हैं, जिनमें साढ़े एक लाख रुपये तक वेतन मिलेगा। प्रदेश सरकार ने युवाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन भी बनाया है। 

इस मौके पर विशेष सचिव नीलेश कुमार, निदेशक सेवायोजन नेहा प्रकाश, सचिव बीओसीडब्ल्यू पूजा यादव और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे

10,830 मेलों से 13.64 लाख युवाओं को मिला रोजगार

एक अप्रैल 2017 से 30 अप्रैल 2025 तक सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित 10,830 रोजगार मेलों के माध्यम से 13,64,501 अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में नौकरियां मिली हैं। ये रोजगार मेले प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित किए गए। वहीं, स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘सेवामित्र योजना’ में अब तक 52,349 श्रमिक पंजीकृत हो चुके हैं। इन श्रमिकों में प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर, एसी मैकेनिक, ब्यूटीशियन समेत अन्य तकनीकी व घरेलू सेवाएं देने वाले लोग शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।