Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UP Politics : 'जब मैं मुख्यमंत्री थी तब लखनऊ में'...'इस वजह से चल रही है बसपा पार्टी'- मायावती ने किया बड़ा खुलासा

    Updated: Mon, 13 May 2024 05:10 PM (IST)

    Lucknow Politics News in Hindi बसपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री रहने के दौरान लखनऊ का विकास कितना हुआ है यह किसी से छिपा नहीं है। आज कोई आता है तो लखनऊ के स्मारक जरूर घूमता है। वर्तमान में आरक्षण कोटे के पद खाली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा पदोन्नति में आरक्षण व्यवस्था प्रभावित कर दी गई है।

    Hero Image
    UP Politics : 'जब मैं मुख्यमंत्री थी तब लखनऊ में'

    जागरण संवाददाता, लखनऊ : गरीबों को जो केंद्र सरकार अनाज बांट रही है वह कोई एहसान नहीं कर रही है। यह सब आपके पैसों से बांटा जा रहा है। जो टैक्स आप लोग देते हैं, उसी से यह अनाज बांटा जा रहा है। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कहती है कि हमारा अनाज खाया अब हमें वोट दो, ऐसा कुछ करने की जरूरत नहीं है। बहुजन समाज पार्टी ही दलितों, मुस्लिमों व वंचितों का विकास कर सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'मेरे सीएम रहते लखनऊ का विकास कितना हुआ सब को पता'

    आप सब को केंद्र में भाजपा व कांग्रेस को आने से रोकना है। पूंजीवादी, संप्रदायिकता, जातिवादी नीतियों को रोकना है तो बसपा प्रत्याशी को जिताना होगा। बसपा अगर केंद्र में आती है तो अवध क्षेत्र बनाया जाएगा और उसी में आपका यह लखनऊ होगा। यह बातें रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को कही।

    बसपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री रहने के दौरान लखनऊ का विकास कितना हुआ है यह किसी से छिपा नहीं है। आज कोई आता है तो लखनऊ के स्मारक जरूर घूमता है। वर्तमान में आरक्षण कोटे के पद खाली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा पदोन्नति में आरक्षण व्यवस्था प्रभावित कर दी गई है। केंद्र में पदोन्नति में आरक्षण लाने का बसपा ने प्रयास किया तो तत्कालीन कांग्रेस सरकार का बीजेपी ने साथ देते हुए बिल पास नहीं होने दिया।

    बसपा सुप्रीमो रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम में मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली और बाराबंकी के लोकसभा प्रत्याशी और लखनऊ पूर्वी विधानसभा से प्रत्याशी आलोक कुश्वाहा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा काम करती है। विपक्षी पार्टियों की तरह घोषणा पत्र जारी नहीं करती।

    भाजपा के प्रलोभन काम नहीं आने वाले : मायावती

    सरकार आने पर काम करने पर विश्वास रखती है। आराेप लगाया कि भाजपा ने जो घोषणा की थी, उसके हिसाब से एक चौथाई काम नहीं किया। अब भाजपा के प्रलोभन काम नहीं आने वाले। भाजपा ने दस सालों में अपनी ताकत पूंजीवादियों के विकास में लगा दिया। न्यायालय ने अधिकांश राजनीतिक दलों के बांड पर सवाल खड़े किए। बसपा का कोई बांड नहीं है।

    कार्यकर्ताओं द्वारा जो मेरे जन्म दिन और पार्टी फंड में चंदा आता है, उसी से पार्टी चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान की केंद्र सरकार सरकारी जांच एजेंसियों का गलत प्रयोग कर रही है। वर्तमान में केंद्र की नीतियों से किसान वर्ग, छोटा व मध्यम वर्ग व्यापारी, कर्मचारी सबसे ज्यादा परेशान है। उन्होंने कहा कि आज जो आरक्षण मिल रहा है वह किसी पार्टी की नहीं, बाबा साहेब की देन है। मंडल कमीशन की रिपोर्ट और निजी सेक्टर में आरक्षण पर भी चर्चा की।

    प्रत्याशियों ने सोने के मुकुट पहनाकर किया स्वागत

    बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सरवर मलिक ने सोने का मुकुट देकर स्वागत किया। वहीं मोहनलालगंज के लोकसभा प्रत्याशी राजेश कुमार उर्फ मनोज प्रधान ने चांदी का हाथी, पूर्वी विधानसभा से प्रत्याशी आलोक कुश्वाहा ने सामान्य हाथी देकर सम्मानित किया। इस दौरान रायबरेली लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद यादव व बाराबंकी से लोकसभा प्रत्याशी शिव कुमार दोहरे भी मंच पर मौजूद रहे।