UP Police Constable Recruitment: यूपी में 40 हजार पदों के लिए वर्ष के अंत तक हो पाएगी सिपाही भर्ती की परीक्षा
UP Police Constable Recruitment यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के युवाओं को सिपाही के 40 हजार पदों पर भर्ती का तोहफा दिया है। बता दें कि वर्ष के अंत तक सिपाही भर्ती की परीक्षा हो पाएगी। प्रदेश में ट्रेनिंग की क्षमता और बढ़ाने के प्रयास चल रहे है।

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। UP Police Constable Recruitment उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष लगभग 40 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आरंभ करेगा। सबसे बड़ी भर्ती आरक्षी की होगी। इनमें आरक्षी पुलिस के 26210 तथा आरक्षी पीएसी के 8540 पदों पर भर्ती होनी है। प्रदेश के पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में अभी ट्रेनिंग की क्षमता कम होने के चलते सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को थोड़ा इंतजार जरूर करना पड़ेगा।
2023 के अंत में होगी पुलिस भर्ती की आनलाइन लिखित परीक्षा
- सिपाही भर्ती की प्रक्रिया आरंभ हो गई है लेकिन, आनलाइन लिखित परीक्षा इस वर्ष के अंत तक होने की उम्मीद है।
- भर्ती बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि जल्द कुशल खिलाड़ी भर्ती संपन्न हो जाएगी। इसके साथ ही मृतक आश्रित कोर्ट में दारोगा भर्ती का परिणाम भी इसी माह जारी करने की तैयारी है।
- इसके उपरांत नई भर्ती की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। वर्तमान में मुख्य आरक्षी से प्रोन्नति पाने वाले नौ हजार से अधिक प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया चल रही है।
- वहीं प्रशिक्षण निदेशालय बीते दिनों लगभग नौ हजार पदों पर हुई उप निरीक्षक भर्ती-2022 के सफल अभ्यर्थियों का आधारभूत प्रशिक्षण जल्द आरंभ कराने की तैयारी में है।
- पर्याप्त प्रशिक्षण क्षमता न होने के चलते पूर्व में अभ्यर्थियों को दूसरे राज्यों में भी ट्रेनिंग कराई जाती रही है।
सफल अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण बड़ी चुनौती
प्रदेश में पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की क्षमता 5650 है। जिसे अब बढ़ाकर 1150 किया गया है। साथ ही सुलतानपुर व जालौन में दो नये प्रशिक्षण संस्थान भी खोले गए हैं। हालांकि इसके बावजूद अभी सिपाही के 34 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के बाद सफल अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण बड़ी चुनौती होगा। शासन पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की क्षमता बढ़ाने का प्रयास लगातार कर रहा है। वहीं इस वर्ष फायरमैन के 1007 पदों व जेल वार्डर के 1582 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा संपन्न कराने में भर्ती बोर्ड को वक्त लग सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।