UP Police Bharti Result: होली पर बड़ा तोहफा, सिपाही भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी; देखें कटऑफ
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर भर्ती-2023 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है जिसमें 12048 महिलाएं चयनित हुई हैं। अनारक्षित पुरुषों का कटऑफ 225.75 और महिलाओं का 212.12 रहा। परीक्षा 23-31 अगस्त 2024 को हुई थी जिसमें 28% अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। 1.74 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दस्तावेज़ व शारीरिक परीक्षा दी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। होली के अवसर पर पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती-2023 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इनमें 12,048 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष/डीजी राजीव कृष्ण ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर अंतिम चयन परिणाम उपलब्ध है।
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार कुल 60,244 पदों में अनारक्षित पदों पर 24102, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पदों पर 6024, पिछड़ा वर्ग के 16262, अनुसूचित जाति के 12650 और अनुसूचित जनजाति के 1204 अभ्यर्थी आरक्षण के तहत चयनित हुए हैं।
कटऑफ कितना?
अनारक्षित पदों पर पुरुष अभ्यर्थियों का कट आफ 225.75 व महिला अभ्यर्थियों का कट आफ 212.12 रहा। जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में पुरुष अभ्यर्थियों का कट आफ 209.26 व महिला अभयर्थियों का कट आफ 193.20 रहा।
अन्य पिछड़ा वर्ग में पुरुष अभ्यर्थियों का कट आफ 216.58 व महिला अभ्यर्थियों का कट आफ 200.95 रहा। अनुसूचित जाति में पुरुष अभ्यर्थियों का कट आफ 196.17 व महिला अभ्यर्थियों का कट आफ 180.09 रहा। अनुसूचित जनजाति में पुरुष अभ्यर्थियों का कट आफ 170.03 व महिला अभ्यर्थियों का कट आफ 146.62 रहा।
सिपाही भर्ती के लिए 48,17,441 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। पहले सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 17 व 18 फरवरी, 2024 को हुई थी पर पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद कर दी गई थी। भर्ती बोर्ड ने दोबारा 23,24,25,30 व 31 अगस्त, 2024 को दस पालियों में लिखित परीक्षा संपन्न कराई थी।
मेरठ में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी।
28 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराए गए थे। लगभग 28 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। लिखित परीक्षा में सफल हुए 1.74 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षा के लिए बुलाया गया था। जिसमें चयनित अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) में शामिल हुए थे। दौड़ के बाद भर्ती बोर्ड ने अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड ने कोई भी प्रतीक्षा सूची तैयार नहीं की है। अभ्यर्थी भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।