UP News: सेवा पखवाड़ा में इस बार प्रदेश भर में लगेंगे 15 लाख पौधे, देसी किस्मों को दी जाएगी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़े में उत्तर प्रदेश में 15 लाख पौधे लगाए जाएंगे साथ ही नमो वन और नमो पार्क भी स्थापित होंगे। वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनभागीदारी पर जोर दिया और देसी किस्मों के पौधों को प्राथमिकता देने की बात कही। जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेश भर में 15 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
इस दौरान 'नमो वन' व 'नमो पार्क' भी स्थापित किए जाएंगे। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने बुधवार को सेवा पर्व एवं आदिकर्मयोगी अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
वन विभाग मुख्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी के सहयोग से 15 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इनके वितरण व रोपण की व्यवस्था ठीक ढंग से कर ली जाए। देसी किस्मों के पौधों के रोपण में प्राथमिकता दी जाए।
इस अभियान में स्वयंसेवी संगठनों, सिविल सोसाइटी, महिलाओं व विद्यार्थियों सहित सभी की सहभागिता व सहयोग लिया जाए। आदिकर्मयोगी अभियान प्रदेश के जनजातीय बहुल जिलों में सेवा पखवाड़ा के तहत महुआ, बेल, चिरौंजी जैसी स्थानीय प्रजातियों का रोपण किया जाए।
मंत्री ने कहा कि पौधारोपण के लिए ऐतिहासिक स्थल के साथ ही नए स्थलों का चयन किया जाए। वन विभाग के अधिकारी विधायकों से संपर्क कर सड़क के किनारे होने वाले पौधारोपण के लिए ट्री गार्ड की व्यवस्था कराएं। विधायक निधि की एक प्रतिशत धनराशि प्राप्त की जाए।
ग्रीन चौपाल के माध्यम से सेवा पर्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाए। विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने वन्यजीव संघर्ष को कम करने, बाघ संरक्षण योजना के अनुमोदन, वेटलैंड को रामसर साइट घोषित करने के बारे में बताया।
बैठक में विभागीय राज्य मंत्री केपी मलिक, प्रमुख सचिव अनिल कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।