आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! यूपी में बन रही नई कंपनी, बढ़ेगी सैलरी और मिलेंगे ये फायदे
Uttar Pradesh Outsource Seva Nigam | यूपी कैबिनेट की मंजूरी के बाद उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकास) के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य सचिव ने कंपनीज एक्ट-2013 के तहत जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया है। निगम बनने से चार लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को बेहतर वेतन और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद शासन स्तर से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकास) का गठन किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव ने यूपीकास का रजिस्ट्रेशन जल्द से जल्द कंपनीज एक्ट-2013 के तहत कराने के लिए सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को निर्देशित किया है।
शुक्रवार की शाम को यूपीकास के गठन के लिए मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभागों से कहा गया कि वे निगम के गठन से संबंधित मसौदे का ठीक से अध्ययन कर लें।
कहीं कोई व्यावहारिक दिक्कत हो तो उसे बताएं। सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव अमित घोष से कहा गया कि निगम का रजिस्ट्रेशन कंपनीज एक्ट में कराते हुए चार्टर्ड एकाउंटेंट नियुक्त करें।
गौरतलब है कि दो सितंबर को कैबिनेट ने यूपीकास के गठन से संबंधित मसौदे को स्वीकृत किया था। यह पब्लिक लिमिटेड कंपनी होगी।
निगम का गठन हो जाने पर जहां विभाग आउटसोर्स के माध्यम से जरूरी कर्मचारियों की मांग निगम से कर सकेंगे वहीं पहले से काम कर रहे चार लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मियों को बढ़ा मानदेय, ईएसआइ, ईपीएफ, स्वास्थ्य व बीमा योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।