विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: राजभवन में अलंकरण समारोह आज, 16 हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित; समारोह के मुख्य अतिथि होंगे सीएम योगी

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar
Published: Fri, 26 Jan 2024 06:15 AM (IST)

संस्कृति और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 26 जनवरी को राजभवन में अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा ...और पढ़ें

राजभवन में अलंकरण समारोह आज, 16 हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित
राजभवन में अलंकरण समारोह आज, 16 हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित

 राज्य ब्यूरो,लखऩऊ। संस्कृति और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 26 जनवरी को राजभवन में अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में स्वायत्तशासी संस्थाओं के विभिन्न विधाओं से जुड़ी 16 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इस संदर्भ में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

मायाकुलश्रेष्ठ को बिरजू महाराज कथक सम्मान दिया जाएगा

समारोह में जैन दर्शन के प्रचार-प्रसार के लिए मेरठ निवासी डा. मनीष जैन को जैन संस्कृति संवर्धन सम्मान, संत कबीर पर पांच पुस्तकें लिखने वाले गोरखपुर के डा.शरणदास शास्त्री को संत कबीर अकादमी सम्मान, कथक के प्रचार-प्रसार के लिए नोएडा निवासी मायाकुलश्रेष्ठ को बिरजू महाराज कथक सम्मान दिया जाएगा।

साथ ही एकल प्रदर्शनियों के लिए वाराणसी की प्रोफेसर मंजुला चतुर्वेदी व अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठित मूर्ति का रेखांकन करने वाले डॉ सुनील विश्वकर्मा तथा नई शिक्षा नीति तैयार करने में सहयोग करने के लिए अलीगढ़ निवासी डा. ईश्वर चंद गुप्ता को पदमश्री बाबा योगेंद्र कला सम्मान दिया जाएगा।

रामजनम योगी को किया जाएगा सम्मानित

संगीत पर पुस्तकें लिखने व निशुल्क संगीत शिक्षा देने के लिए एसिड अटैक पीड़िता वाराणसी निवासी प्रोफेसर मंगला कपूर व रंगमंच के प्रचार-प्रसार के लिए गोरखपुर निवासी मानवेंद्र कुमार त्रिपाठी को आचार्य भरतमुनि सम्मान, गंगा आरती सहित प्रमुख मौकों पर शंखवादन के लिए वाराणसी निवासी रामजनम योगी को पागलदास लोक संस्कृति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

इन्हें मिलेगा विरसा मुण्डा जनजाति पुरस्कार

इसी प्रकार जनजाति कलाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सोनभद्र निवासी कतवारू को विरसा मुण्डा जनजाति पुरस्कार, पीएचडी के मार्गदर्शन व चार पुस्तकों का लेखन करने वाले हमीरपुर निवासी डा. उमाशंकर व्यास आचार्य अश्वघोष गौरव सम्मान, नागार्जुन साहित्य से संबंधित 36 पुस्तकों के प्रकाशन को लेकर प्रोफेसर ताशी टी सेरिंग को आचार्य नागार्जुन गौरव सम्मान, 20 वर्षों से धम्म सेवा करने वाले भन्ते डा.चंद्रकीर्ती को पालि गौरव सम्मान, रंगमंच के प्रचार-प्रसार के लिए काम करने के लिए दिल्ली निवासी अतुल सत्य कौशिक व लखनऊ में जन्मे अतुल श्रीवास्तव तथा रोजी दुबे को भारतेन्दु हरिश्चन्द्र सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।