UP Monsoon Session 2025 : विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद का विपक्ष पर कटाक्ष, बोले-विपक्ष की विकास में रुचि नहीं
UP Monsoon Session 2025- Vidhan Parishad नेता सदन ने कहा कि जब लोकसभा में हमारे दो सदस्य थे तब नारा दिया था कि राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। पांच सौ वर्ष बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो गया है। इसका हमें गर्व है। कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : विधान परिषद में मानसून सत्र के चौथे दिन विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2027 के विजय डाक्यूमेंट पर चर्चा के दौरान नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर करारा हमला बोला। सपा के सदन के त्याग पर कहा कि विपक्ष की विकास में रुचि नहीं है।
भाजपा ऐसी पार्टी है जो कहती है वह करती है। विपक्ष के सदस्य सदन में नहीं हैं। उनकी सोच ऐसी ही है। जब इतने बड़े विषय पर चर्चा हो रही है। प्रदेश की 25 कराेड़ जनता के प्रति, विकसित भारत के प्रति अपने विचार रखने चाहिए थे। विपक्ष के इस रवैये की कड़ी आलोचना करता हूं। सपा को जनता ने जैसे सत्ता के लायक नहीं समझा, विपक्ष के लायक भी नहीं समझेगी। उन्होंने उच्च सदन को डेढ़ घंटे संबोधित किया।
पांच सौ वर्ष बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो गया
नेता सदन ने कहा कि जब लोकसभा में हमारे दो सदस्य थे तब नारा दिया था कि राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। पांच सौ वर्ष बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो गया है। इसका हमें गर्व है। कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। कहा, आजादी मिलने के बाद जो सरकार बनी उसने देश की गरीबी दूर करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। विकसित भारत की सोच ही नहीं थी। कहा, सपा ने प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया। कांग्रेस-सपा व अन्य दल मिलकर गैंग की तरह काम कर रहे हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में संविधान खत्म होने का भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह किया।
उद्योगपति अब यहां निवेश करना चाहते
भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगते हैं। कहा, प्रदेश की छवि खराब हो गई थी, जिसका बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था से लेकर अन्य क्षेत्रों में बड़ा बदलाव आया है। प्रदेश की छवि इतनी अच्छी है कि उद्योगपति यहां निवेश करना चाहते हैं। प्रदेश में संसाधनों की कमी नहीं थी। भाजपा सरकार गरीब से लेकर हर वर्ग के कल्याण की योजनाएं सफलता से संचालित कर रही है। महिलाएं सुरक्षित हैं। अब माफिया राज नहीं है। पहले चुने हुए गुंडे थाना चलाते थे। सदन में माफिया जेल से आते थे। अब कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है और प्रदेश तेजी से विकास पथ पर बढ़ रहा है। 2047 में विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प पूरा करेंगे।
उच्च सदन को राजनीकान्त महेश्वरी,पदमसेन चैधरी, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, मोहित बेनीवाल, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, राम तीर्थ सिंघल, धर्मेन्द्र कुमार भारद्वाज, राम सूरत राजभर, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, धर्मपाल सिंह, जितेन्द्र सिंह सेंगर, बहोरन लाल मौर्य, अंगद कुमार सिंह, कुंवर महाराज सिंह, सत्यपाल सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, देवेन्द्र प्रताप सिंह, डा. धर्मेन्द्र सिंह, विशाल सिंह चंचल, श्याम नारायण सिंह, गोपाल अंजान, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, विजय बहादुर पाठक, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र सिंह कश्यप, उमेश द्विवेदी, सन्तोष कुमार सिंह, आयुष खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. दयाशंकर मिश्र दयालु, डा. बाबू लाल तिवारी, लालजी निर्मल, सुधीर गुप्ता, श्रीचन्द्र शर्मा, इंजीनियर अवनीश सिंह, डा. जयपाल सिंह व्यस्त, सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, हंसराज विश्कर्मा, धर्मेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र चैधरी, अनूप कुमार गुप्ता, विजय शिव हरे, गोविन्द नारायण शुक्ल, गन्ना विकास राज्य मंत्री सजंय सिंह गंगवार, पवन सिंह चैहान, इलेक्ट्रानिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा,ऋषि पाल सिंह, खादी व ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, अरूण पाठक, मुकेश शर्मा, बृजेश कुमार सिंह प्रिन्सू, राम चन्द्र प्रधान, महिला कल्याण बाल विकास व पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, डा. रतन पाल सिंह,सलिल बिश्नोई, अश्वनी त्यागी, वन्दना वर्मा, अविनाश चैहान व जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने भी संबोधित किया।
बिजली, पानी, सड़क व सुरक्षा हर क्षेत्र में हुआ विकास : भूपेन्द्र चौधरी
विधान परिषद में भाजपा के भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा व अन्य सभी क्षेत्रों में बहुत अच्छा काम हुआ है। दुनिया भारत की ओर देख रही है। उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहतर प्रशासन पर विश्वास है कि 2047 तक विकसित भारत बनेगा। विकास के ट्रैक पर आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश की कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर काम हुआ है। आज विकास के जाे आंकड़े हैं, वे 25 करोड़ लोगों के जीवन में बदलाव की कहानी हैं।
जन-जन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प : ब्रजेश पाठक
उच्च सदन में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हेल्थ सेक्टर में जब तक जन-जन को अच्छी सेवा नहीं दे सकते, तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। भाजपा सरकार इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। वर्ष 2017 से पहले सरकारों ने भ्रष्टाचार व लूट का अड्डा बना रखा था। जाति-धर्म की राजनीति थी। हमने पानी, बिजली, सड़क समेत हर क्षेत्र में विकास किया है। प्रदेश में सर्वाधिक एक्सप्रेसवे हैं। सभी जिलों को फोर लेन सड़क से जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। एक जिला एक मेडिकल कालेज के लक्ष्य को साकार किया है। अब प्रदेश में 80 मेडिकल कालेज हैं। सपा ने एक जिला एक माफिया देने का काम किया था।
24 घंटे देंगे बिजली : एके शर्मा
उच्च सदन में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी। ऊर्जा के विकास को लेकर तेजी से काम हो रहा है, इसमें ग्रीन एनर्जी भी शामिल है। वर्तमान में गांव से लेकर कस्बों में 18 से 20 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। पहली बार इस मामले में उप्र देश में पहले स्थान पर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।