यूपी में मोबाइल चोरी का बड़ा सच: हर घंटे ब्लॉक हो रहे 19 फोन, पर बरामदगी महज 6
उत्तर प्रदेश में मोबाइल चोरी और गुम होने की समस्या गंभीर है, जहां 5.6 लाख से अधिक फोन ब्लॉक हुए, ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
5.6 लाख से अधिक मोबाइल फोन ब्लॉक हुए
ट्रेस हुए मोबाइलों में बरामदगी दर 49% से कम
अंतरराज्यीय गिरोहों द्वारा चोरी के मोबाइल बेचे जा रहे
आदित्य तिवारी, लखनऊ। मोबाइल फोन गुम होने और चोरी की समस्या का आकार चौंकाने वाला है। दूरसंचार विभाग के संचार साथी पोर्टल के सीईआइआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) के संचयी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक 5,67,531 मोबाइल ब्लाक किए जा चुके हैं। इनमें 3,50,156 मोबाइल ट्रेस हुए, लेकिन बरामद केवल 1,71,699 ही किए जा सके।
इन आंकड़ों को लगभग साढ़े तीन वर्ष की अवधि के औसत के रूप में देखें तो हर घंटे करीब 19 मोबाइल ब्लाक हुए, 11 मोबाइल ट्रेस किए गए और छह मोबाइल ही बरामद हो सके। यानी मोबाइल का सुराग मिलने के बाद भी आधे से अधिक फोन पुलिस बरामद नहीं कर पा रही है।
आंकड़ों के अनुसार ट्रेस हुए मोबाइलों में बरामदगी का अनुपात 49.04 प्रतिशत है। वहीं ब्लाक किए गए कुल मोबाइलों के मुकाबले बरामदगी करीब 30.25 प्रतिशत है। औसतन प्रतिदिन 444 मोबाइल ब्लाक, 274 ट्रेस और 134 बरामद हुए। सवाल है कि जिन मोबाइलों का सुराग मिल चुका है, वे कहां इस्तेमाल हो रहे हैं और उन्हें खपाने वाले नेटवर्क की कड़ियां किन राज्यों तक फैली हैं।
मोबाइल चोरी के मामलों में शिकायत दर्ज कराने का तरीका भी अपराध की वास्तविक तस्वीर सामने आने में बाधा बन रहा है। फोन चोरी होने पर कई पीड़ित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के बजाय गुमशुदगी की सूचना देते हैं। सीईआइआर पर भी गुम और चोरी, दोनों तरह के मोबाइल ब्लाक कराए जा सकते हैं इसलिए ब्लाक किए गए सभी मोबाइलों को चोरी का आंकड़ा नहीं माना जा सकता है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने पिछले व इस वर्ष मोबाइल बरामदगी के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्षभर में पुलिस ने 54,995 मोबाइल बरामद किए थे। इनकी अनुमानित कीमत 84.27 करोड़ रुपये थी। इनमें से 49,404 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने बताया कि जौनपुर से सर्वाधिक 949, आजमगढ़ से 783 और सोनभद्र से 436 मोबाइल बरामद हुए। इन तीन जिलों में ही 2,168 फोन मिले। गाजीपुर में 379 और मऊ में 365 मोबाइल बरामद कर वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।
दूसरे राज्यों तक फैला चोरी के मोबाइल का नेटवर्क
चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त में अंतरराज्यीय गिरोहों की भूमिका भी सामने आई है। जनवरी 2026 में नोएडा पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर 821 मोबाइल बरामद किए थे। इनकी अनुमानित कीमत छह से आठ करोड़ रुपये बताई गई थी। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले बाजारों से मोबाइल चोरी कर बिहार और झारखंड में बेचते थे।