अब MBBS के बाद नहीं करना पड़ेगा एमएस, छह वर्षीय MCH में सीधे मिलेगा प्रवेश
संजय गांधी पीजीआई को नेशनल मेडिकल कमीशन से छह नए सुपर स्पेशियलिटी डीएम और एमसीएच कोर्स की मान्यता मिली है। ...और पढ़ें

HighLights
एसजीपीजीआई को छह नए सुपर स्पेशियलिटी कोर्स की मान्यता मिली।
हेमेटोपैथोलाजी, मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन जैसे डीएम कोर्स शामिल।
एमबीबीएस के बाद सीधे छह वर्षीय एमसीएच में प्रवेश संभव।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) को छह और सुपर स्पेशियलिटी कोर्स की मान्यता मिल गई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने संस्थान को छह विषयों में डीएम और एमसीएच के दाखिले की मंजूरी दे दी है। इनमें हेमेटोपैथोलाजी, मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन और पेन मेडिसिन में तीन वर्षीय डीएम कोर्स, जबकि रेडियोथेरेपी एंड आंकोलाजी, कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (सीवीटीएस) और पीडियाट्रिक यूरोलाजी में छह वर्षीय कार्यक्रम शामिल हैं। अब एमबीबीएस के बाद सीवीटीएस में एमएस की अनिवार्यता नहीं होगी। छह वर्षीय एमसीएच में सीधे प्रवेश मिलेगा।
निदेशक प्रो. डा. आरके धीमान का कहना है कि हेमेटोपैथोलाजी में डीएम कोर्स शुरू करने वाला एसजीपीजीआइ उत्तर प्रदेश का पहला संस्थान बन गया है। इससे थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और प्लास्टिक एनीमिया जैसे गंभीर खून की बीमारियों के विशेषज्ञ तैयार होंगे, जिससे ऐसे मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन में देश का पहला तीन वर्षीय डीएम कोर्स है।
इसमें भ्रूण को एक मरीज के रूप में देखकर प्रीनेटल डायग्नोस्टिक्स, फीटल थेरेपी और मां की जटिल रोग के प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे मातृ मृत्युदर, स्टिलबर्थ और नवजात मृत्युदर घटाने में मदद मिलेगी। पेन मेडिसिन का डीएम कोर्स देश में लगभग 30 प्रतिशत वयस्कों को प्रभावित करने वाले क्रोनिक पेन की समस्या से निजात दिलाएगा। इसमें दवाओं से लेकर एडवांस प्रक्रियाओं तक कांप्रिहेंसिव पेन मैनेजमेंट की पढ़ाई होगी, जबकि देश में पहली बार सीवीटीएस में छह वर्षीय एमसीएच कोर्स शुरू होगा।
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु का हवाई किराए में 20 हजार रुपये तक पहुंचा, त्योहार के बाद वापसी का सफर हुआ महंगा
इसमें एमबीबीएस के बाद सीधे प्रवेश मिलेगा, यानी एमएस की अनिवार्यता नहीं होगी। पीडियाट्रिक यूरोलाजी में एमसीएच को मंजूरी मिली है, जो आने वाले समय में संस्थान में बच्चों से जुड़ी यूरो की बीमारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एसजीपीजीआइ ने देश का पहला समर्पित पीडियाट्रिक यूरोलाजी विभाग स्थापित किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।