यूपी में लगातार छठीं बार एक दिन में लगेंगे राज्य की आबादी से अधिक पौधे, वन मंत्री ने मांगा विभागों से सहयोग
उत्तर प्रदेश सरकार 35 करोड़ पौधारोपण अभियान के तहत एक दिन में 25 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगी। वन मंत्री ने अन्य विभागों के मंत्रियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि से ट्री गार्ड लगाकर थीम आधारित पौधारोपण किया जाएगा। कृषि वानिकी को बढ़ावा दिया जाएगा और गो आश्रय स्थलों पर गोपाल वन विकसित किए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। 35 करोड़ पौधारोपण अभियान के तहत लगातार छठीं बार एक दिन में प्रदेश की आबादी से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। प्रदेश की आबादी 25 करोड़ से अधिक है ऐसे में एक दिन में इससे कहीं अधिक पौधे लगाने की तैयारी है।
पिछले वर्ष 36 करोड़ से अधिक पौधे एक दिन में लगाए गए थे। पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने बुधवार को पांच विभागों के मंत्रियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक कर सभी से सहयोग मांगा।
वन विभाग मुख्यालय के सभागार में वन मंत्री ने पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के साथ पौधारोपण की तैयारियों की समीक्षा कर पौधारोपण सफल बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए। प्रदेश के 26 विभागों तथा जन सामान्य के सहयोग से यह पौधारोपण होगा।
डा. सक्सेना ने कहा कि विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि की एक प्रतिशत धनराशि ट्री गार्ड में लगाकर सड़क किनारे थीम आधारित पौधारोपण किया जाए। कृषि वानिकी को प्राथमिकता देते हुए हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़ का प्रचार-प्रसार कराया जाए।
पशुधन मंत्री ने कहा कि गो आश्रय स्थलों पर गोपाल वन विकसित कर पाकड़, नीम, इत्यादि पौधे रोपित किए जाएं। गुलाब देवी ने कहा कि विद्यार्थियों या शिक्षकों को पौधारोपण कराने के लिए जागरूक किया जायेगा। ओम प्रकाश राजभर ने हर स्थल के लिए उचित प्रजातियों के पौधों के चयन पर बल दिया।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पौधारोपण की सही एवं वैज्ञानिक तकनीक के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई एवं ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट के तहत नवजात शिशुओं के जन्म के अवसर पर ग्राफ्टेड आम का पौधा वितरित करने का आश्वासन दिया।
बृजेश ने कहा कि प्रदेश में सिंदूर वन स्थापित किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव वन अनिल कुमार, अपर मुख्य सचिव उद्यान बीएल मीना, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डा. रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।