UP Mega Plantation Drive 2025 : पौधारोपण महाभियान 2025 को सफल बनाने को अधिकारी बनाए गए नोडल अफसर
UP Mega Plantation Drive 2025 नोडल अफसर आवंटित जनपदों में आठ जुलाई की सुबह से ही तैयारी का जायजा लेंगे। सभी जनपदों में शासन स्तर के अधिकारियों को नोडल अफसर बनाया गया है जो मंगलवार सुबह पहुंचकर यहां की सभी व्यवस्थाओं/तैयारियों का जायजा लेंगे। वन विभाग के अधिकारी विभिन्न विभागों/मंत्रालयों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : योगी आदित्यनाथ सरकार के पौधारोपण महाभियान-2025 को सफलतम बनाने के लिए शासन ने भी कमर कस ली है। अधिकारियों को सभी 75 जिलों में पौधरोपण को सफल बनाने के लिए आठ जुलाई, मंगलवार से ही तैनात कर दिया जाएगा। अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इस महाभियान को सफल बनाने में अहम कड़ी साबित होने को तत्पर है। सरकार का लक्ष्य एक ही दिन में यानी नौ जुलाई को प्रदेश में 37 करोड़ पौधारोपण का है।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर सभी जनपदों में नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। नोडल अफसर आवंटित जनपदों में आठ जुलाई की सुबह से ही तैयारी का जायजा लेंगे। सभी जनपदों में शासन स्तर के अधिकारियों को नोडल अफसर बनाया गया है, जो मंगलवार सुबह पहुंचकर यहां की सभी व्यवस्थाओं/तैयारियों का जायजा लेंगे। अभियान की सफलता के लिए वन विभाग के अलग-अलग अधिकारी को विभिन्न विभागों/मंत्रालयों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
योगी सरकार ने पौधरोपण महाभियान की सफलता के लिए सभी 75 जनपदों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। नोडल अफसर आवंटित जनपदों में सभी तैयारियों को परखेंगे। प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज को प्रयागराज, पेयजल मिशन ग्रामीण के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर को वाराणसी, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद को जौनपुर, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की सचिव डॉ. पिंकी जोवेल को मीरजापुर और सिंचाई विभाग के सचिव जीएस नवीन को आजमगढ़ को नोडल अफसर बनाया गया है।
सचिव खेल सुहास एलवाई को गोरखपुर, स्कूल शिक्षा की महानिदेशक कंचन वर्मा को गोंडा, प्रमुख सचिव सिंचाई व जल संसाधन अनिल गर्ग को अयोध्या, सचिव बेसिक शिक्षा सारिका मोहन को बाराबंकी, प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थसारथी सेन शर्मा को लखनऊ, आवास आयुक्त बलकार सिंह को मेरठ, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात को गााजियाबाद तथा प्रमुख सचिव पर्यटन-संस्कृति मुकेश मेश्राम को नोएडा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ अन्य सभी जनपदों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर रहे वन विभाग के अधिकारी
पौधरोपण महाभियान-2025 की सफलता के लिए वन विभाग के अधिकारी सभी विभागों/मंत्रालयों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं। महाप्रबंधक उत्पादन (वन निगम) संजय कुमार को ग्राम्य विकास, पंचायती राज, उद्यान व रेशम विभाग से समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रोजेक्ट टाइगर) ललित वर्मा लोक निर्माण, एमएसएमई, औद्योगिक विकास, महाप्रबंधक (कार्मिक) उप्र वन निगम सुजॉय बनर्जी रेलवे, पशुपालन, सहकारिता विभाग से को-ऑर्डिनेशन कर रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक (ईको विकास) नीरज कुमार जलशक्ति, सिंचाई व जल संसाधन, नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति, राजस्व, पर्यावरण तथा आवास विकास विभाग से पौधरोपण के लिए समन्वय स्थापित कर रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक (परियोजना) डॉ. के इलांगो को कृषि, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, परिवहन, ऊर्जा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास) एचवी गिरीश नगर विकास, गृह, रक्षा, श्रम विभाग से अभियान की सफलता को लेकर को-ऑर्डिनेट कर रहे हैं। वन संरक्षक (लुप्तप्राय) मनोज सोनकर को महाभियान को सफल बनाने की बेसिक, माध्यमिक, उच्च व प्राविधिक शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।