Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Mango Festival 2025 : सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया तीन दिवसीय आम महोत्सव का शुभारंभ, आप भी देख सकते हैं 800 प्रजातियां

    Updated: Fri, 04 Jul 2025 12:39 PM (IST)

    UP Mango Festival 2025 अवध शिल्पग्राम में शुरू तीन दिवसीय महोत्सव में आम की 800 से अधिक प्रजातियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही शाम को सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जा रहा है। समारोह में आम खाने की प्रतियोगिता प्रशिक्षण सेमिनार व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

    Hero Image
    सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया तीन दिवसीय आम महोत्सव का शुभारंभ

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 का उदघाटन किया। तीन दिवसीय इस आम महोत्सव में प्रदेश के आमों को लंदन, दुबई सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के लिए रवाना किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर आम कंटेंनरों को रवाना करने के बाद स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने प्रदेश के प्रगतिशील आम उत्पादकों का सम्मान भी किया। अवध शिल्पग्राम में शुरू तीन दिवसीय महोत्सव में आम की 800 से अधिक प्रजातियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

    आम उत्पादन को वैश्विक स्तर पर पहुंचा रही सरकार : योगी आदित्यनाथ

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार की डबल इंजन नीति ने औद्यानिक फसलों के निर्यात को कई गुना बढ़ाया है। आम उत्पादन को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए लखनऊ, अमरोहा, सहारनपुर और वाराणसी में चार आधुनिक पैक हाउस स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से गुणवत्ता, वैरायटी और निर्यात के मानकों की जानकारी किसानों को दी जाती है। आम महोत्सव न केवल किसानों की आमदनी बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक प्रयास है। उन्हाेंने मंडल स्तर पर भी आम महोत्सव आयोजित किए जाने के निर्देश दिए।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नौ जुलाई को पूरे प्रदेश में पौधारोपण की ऐतिहासिक पहल की जाएगी। वर्ष 2017 में जहां पांच करोड़ पौधों का रोपण एक चुनौती था, वहं अब 50 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं। इससे पहले योगी ने विदेश में निर्यात के लिए आम की खेप रवाना कीं। समारोह में प्रगतिशील बागवानों और निर्यातकों को भी सम्मानित किया गया।

    सभी लोग एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएं

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' के वृहद अभियान के लिए हमारे पास 50 करोड़ की पौध तैयार है। 9 जुलाई को सभी लोग एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा- एक पेड़ मां के नाम अभियान किसानों की आमदनी को बढ़ाने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन का हिस्सा है। डबल इंजन की सरकार ने एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए चार पैक हाउस बनाए। क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वार्मिंग से जूझ रही दुनिया में हमारे किसान तकनीक के सहारे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि मैंने अपने किसानों के परिश्रम को नजदीक से देखा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश आधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल करके लाभ कमा रहा है। अगर बागवान खुशहाल होगा तो उसका लाभ प्रदेश की विकास दर को भी मिलेगा। आज बुंदेलखंड में जल की समस्या का समाधान हुआ है। जिस क्षेत्र में एक फसल होती थी वहां दो फसल, जहां दो फसल होती थी किसान वहां तीन तीन फसल ले रहा है।

    किसानों से आमों की खासियत जानी

    मुख्यमंत्री ने किसानों से आमों की खासियत जानी। उन्होंने आमों को हाथ में लेकर उछाला और उनका वजन पूछा। जब उन्होंने एक आम उठाया जिस पर ‘योगी आम’ लिखा था, तो वे मुस्कुराने लगे और आम को हाथ में लेकर फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद उन्होंने प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित किया और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की चुटकी ली, जिन्होंने सबसे पहले रायबरेली के किसान को सम्मानित कराया था।इसके साथ ही शाम को सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जा रहा है। समारोह में आम खाने की प्रतियोगिता, प्रशिक्षण सेमिनार व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रख्यात कवि कुमार विश्वास का शनिवार को काव्य पाठ होगा। इस आम महोत्सव में हजारों की संख्या में विभिन्न प्रजातियों के पौधों को भी रखा गया है। इनको पौधारोपण प्रेमी और बागवान खरीद भी सकते हैं।

    दशहरी के आंगन में अरुणिमा व टामी एटकिंस आम

    दशहरी आम के आंगन में 800 तरह के आम सजे हैं। काकोरी का योगीराज, सूर्योदय के समय जिस तरह आकाश दिखता वैसा ही रंग अपने में समेटे अरुणिमा व अंबालिका, नाजुक बदन, जरदालू, गदाधर व राजा मिठुआ जैसे आमों के रूप और स्वाद की प्रतिस्पर्धा होगी।

    अमेरिका का टामी एटकिंस भी का जलवा भी दिख रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान व अन्य प्रदेशों के उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान और निर्यातक बड़ी संख्या में आए हैं। आम महोत्सव में किसान, एफपीओ, सहकारी समितियां स्वयं सहायता समूह, पैक हाउस, निर्यातक, व्यापारी, नर्सरी मालिक, मशीनरी आपूर्तिकर्ता, शोधकर्ता, वैज्ञानिक शामिल हैं।

    एक नजर में महोत्सव

    • प्रदेश में 3.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में आम के बाग हैं, जिसमें 61.46 लाख मीट्रिक टन का उत्पादन होता है।
    • देश में आम उत्पादन का 27 प्रतिशत उत्पादन यूपी में होता, किसानों से लेकर पैक हाउस व खुदरा व्यापारी एक जगह होंगे।
    • सात श्रेणियों के 58 वर्गों में विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी, 1341 प्रतिभागियों द्वारा 2502 नमूने प्रदर्शित हो रहे हैँ।
    • संरक्षित पदार्थ वर्ग में 108 प्रतिभागियों के 351 नमूने सहित कुल 1449 प्रतिभागी 2853 नमूने प्रदर्शित कर रहे हैं।
    • पिछले वर्ष की तुलना में इस बार लगभग सात प्रतिशत अधिक नमूने प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

    सुबह 11 से शाम छह बजे तक खुली रहेगी प्रदर्शनी

    आम महोत्सव तीनों दिन सुबह 11 से शाम छह बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसमें प्रवेश निश्शुल्क है। आम के अलावा उससे बनने वाले खाद्य पदार्थ अचार, जूस, अमावट, मुरब्बा, आम का रसगुल्ला, जलेबी आदि खरीद सकेंगे। उच्च गुणवत्ता के कलमी आम आदि के पौधे भी ले सकते हैं। छह को पुरस्कार वितरण होगा।