यूपी के मदरसों में कामिल-फाजिल डिग्रीधारक शिक्षकों का मांगा गया ब्योरा, नियुक्तियों की होगी समीक्षा
उत्तर प्रदेश के अनुदानित मदरसों में कामिल और फाजिल डिग्रीधारक शिक्षकों का ब्योरा एक सप्ताह में सरकार को सौंपा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इन डिग्रियों पर हुई नियुक्तियों की समीक्षा की तैयारी है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। राज्य के अनुदान पर संचालित मदरसों में कामिल और फाजिल की डिग्री के आधार पर शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों का ब्योरा एक सप्ताह के अंदर सरकार को सौंप दिया जाएगा। मदरसा शिक्षा बोर्ड की रजिस्ट्रार अंजना सिरोही ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों (डीएमओ) को निर्धारित प्रारूप भेजकर रिपोर्ट मांगी है।
इसके तहत प्रदेश के 556 अनुदानित मदरसों से ऐसे शिक्षकों की संख्या और उनकी शैक्षिक योग्यता की जानकारी जुटाई जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इन डिग्रियों के आधार पर हुई नियुक्तियों की समीक्षा की तैयारी है।
सुप्रीम कोर्ट ने मदरसा शिक्षा परिषद अधिनियम, 2004 के तहत संचालित कामिल और फाजिल के डिग्री पाठ्यक्रमों को अवैध ठहराया था। अदालत ने अधिनियम लागू होने के बाद इन पाठ्यक्रमों के तहत जारी डिग्रियों को भी अमान्य कर दिया था। राज्य सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को स्वीकार कर लिया था।
अब सरकार यह जानकारी जुटा रही है कि 2004 के बाद जारी कामिल और फाजिल की डिग्री के आधार पर कितने शिक्षकों को अनुदानित मदरसों में नियुक्त किया गया और उनकी अन्य शैक्षिक योग्यताएं क्या हैं।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर बोले योगी आदित्यनाथ- भाजपा में कमल का फूल ही सब कुछ
ब्योरा मिलने के बाद संबंधित शिक्षकों की नियुक्तियों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- संविधान दिवस पर आज सपा जारी करेगी अपना घोषणा पत्र, महिलाओं से लेकर युवाओं तक इन वादों पर रहेगा फोकस