मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर बोले योगी आदित्यनाथ- भाजपा में कमल का फूल ही सब कुछ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही मुख्यमंत्री का चेहरा है और वे इसी चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री योगी बोले, भाजपा का चेहरा कमल का फूल है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन की सीटों पर खींचतान पर साधा निशाना।
बुलडोजर को प्रदेश की ताकत बताया, रोजगार लक्ष्य भी बताया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और वे भी इसी चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर कहा कि गठबंधन के भी अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं।
दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे उनके तालमेल की वास्तविकता सामने आ रही है। कटाक्ष किया कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ स्थिति को सामान्य कह रहे हैं। इससे पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल बताया था, जिसको लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।
एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन अबकी पहले ही विफल हो चुकी है। दोनों दलों के बीच एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा? दोनों के बीच शह और मात देने की राजनीति चल रही है।
विधायकों के टिकट कटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है। भाजपा की राजनीति जोड़ने की है, काटने की नहीं।
एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर दोहराया कि सपा प्रमुख को रामभक्तों से पहले माफी मांगनी चाहिए। उन्हें अपनी पार्टी की गलती स्वीकार करनी चाहिए।
यदि तब सद्बुद्धि आ गई होती, तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। सपा के सनातन पर मुखर होने के सवाल पर कहा कि दो नावों की सवारी खतरनाक होती है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ऐसा राकेट बताया, जिसे लांच करने की कोशिश होती है, लेकिन वह हर बार विफल रहता है।
अखिलेश की घुसपैठियों संबंधी टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि वास्तविक घुसपैठिए सपा को अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं। सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के पानी और जवानों को भी घुसपैठिया कहा जाएगा? बोले-अखिलेश से कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। संन्यासी का दायित्व केवल मठ या गुफा में बैठना नहीं, बल्कि देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसके मुकाबले के लिए खड़ा होना भी है।
मुख्यमंत्री ने बुलडोजर को प्रदेश की ताकत बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। रोजगार के मुद्दे पर कहा कि 26 जनवरी तक साढ़े दस लाख लोगों तक रोजगार पहुंचाने का लक्ष्य है। भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि सबके संतुष्टिकरण की है और उसका वोट बैंक हर राष्ट्रवादी नागरिक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।