विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में कोटेदारों पर सख्त हुई सरकार, राशन वितरण में लापरवाही-घटतौली पर कार्रवाई के निर्देश

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:09 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने राशन वितरण में लापरवाही और घटतौली पर कोटेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 

चारबाग के रविंद्रालय में कोटेदारों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय का सम्मान करते पदाधिकारी। फोटो: सूचना विभाग

चारबाग के रविंद्रालय में कोटेदारों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय का सम्मान करते पदाधिकारी। फोटो: सूचना विभाग

HighLights

  1. राशन वितरण में लापरवाही, घटतौली पर सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

  2. डीएसओ सप्ताह में तीन दिन तौल मशीन से दुकानें जांचेंगे।

  3. लाभार्थियों से दुर्व्यवहार, अनुचित दबाव बनाने पर भी होगी कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कोटेदारों का लाभांश बढ़ाकर उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करने के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया है।

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि 16 करोड़ लाभार्थियों तक राशन पहुंचाने वाले उचित दर विक्रेताओं की जिम्मेदारी है कि पात्र व्यक्ति को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मिले, राशन वितरण में घटतौली और दुर्व्यवहार पर कार्रवाई होगी।

वहीं, कोटेदारों पर अनुचित दबाव बनाने और उनसे वसूली करने वाले अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारियों (डीएसओ) को सप्ताह में तीन दिन तौल मशीन लेकर दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार को ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन की ओर से रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों के अधिकारों से जुड़ी है। सरकार कोटेदारों के जायज हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। राशन लेने आने वाले किसी गरीब को परेशान या अपमानित नहीं किया जाना चाहिए।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि लाभांश बढ़ने से हजारों कोटेदारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ी है। राशन वितरण पूर्ण पारदर्शी ढंग से किया जाएगा।

तौल मशीन लेकर दुकानों पर पहुंचेंगे डीएसओ

शुक्रवार को समीक्षा बैठक में मनोज ने निर्देश दिए कि डीएसओ सप्ताह में कम से कम तीन दिन उचित दर की दुकानों पर जाकर तौल मशीन से वितरित खाद्यान्न का वजन कराएं और मात्रा का सत्यापन करें। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट मंत्री कार्यालय को भेजनी होगी।

कोटेदारों की बैठक बुलाकर उन्हें लाभार्थियों से अच्छा व्यवहार करने और खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न वितरित न करने की हिदायत भी दी जाएगी। ऑनलाइन समीक्षा बैठक में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी और राशनकार्ड आवेदनों के निस्तारण की भी समीक्षा हुई। प्रदेश में अब तक 9023 अन्नपूर्णा भवन बन चुके हैं, जबकि 1373 निर्माणाधीन हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी में अब DSO करेंगे सरकारी राशन दुकानों की जांच, तौल के लिए मशीन लेकर जाएंगे साथ

यह भी पढ़ें- राशनकार्ड धारकों पर बड़ी कार्रवाई: लखीमपुर में 19 हजार से अधिक लोग लिस्ट से बाहर, किस वजह से कटा नाम?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।