राशनकार्ड धारकों पर बड़ी कार्रवाई: लखीमपुर में 19 हजार से अधिक लोग लिस्ट से बाहर, किस वजह से कटा नाम?
लखीमपुर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 19 हजार से अधिक अपात्र राशनकार्ड यूनिट्स को सूची से हटा दिया गया है। इनमें छह महीने तक राशन न लेने वाले, चार पहिया वाहन धारक, सरकारी कर्मचारी और अधिक आय वाले लोग शामिल हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
लखीमपुर में 19 हजार से अधिक अपात्र राशनकार्ड यूनिट्स हटाई गईं।
छह महीने राशन न लेने वाले सर्वाधिक 11,673 यूनिट्स बाहर।
सरकारी कर्मचारी, वाहन धारक, अधिक आय वाले भी अपात्र।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ अपात्रों को मिलने से रोकने के लिए जिले में राशनकार्डों की छंटनी की जा रही है। जांच के दौरान विभिन्न मानकों पर अपात्र पाए गए लोगों की 19 हजार से अधिक यूनिट राशनकार्ड सूची से हटा दी गई हैं। इनमें सबसे अधिक 11,673 यूनिट ऐसे लोगों की हैं, जिन्होंने लगातार छह महीने तक सरकारी राशन नहीं लिया था।
जिला पूर्ति विभाग की ओर से की गई जांच में चार पहिया वाहन रखने वाले 2,564, सरकारी अथवा सार्वजनिक उपक्रमों में नौकरी करने वाले 1,236 और परिवार के किसी सदस्य के नाम जीएसटी पंजीकरण वाले 668 लोगों की यूनिट निरस्त की गई हैं। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक वार्षिक आय वाले 1,785 और अधिक भूमि रखने वाले 1,855 लोगों को भी अपात्र मानते हुए सूची से बाहर किया गया है।
विभाग की इस कार्रवाई में छह महीने तक राशन न लेने वाले लाभार्थियों की संख्या सबसे अधिक है। वहीं, सरकारी नौकरी, वाहन और जीएसटी पंजीकरण जैसे मानकों पर भी बड़ी संख्या में कार्डधारक अपात्र मिले हैं। विभागीय स्तर पर अभी भी राशनकार्डों और लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में अपात्रों की संख्या और बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- हरदोई में 805 लाख से चमकेंगी सड़कें और पुलिया, 50 गांवों को मिलेगी लाभ; शासन से बजट को मिली मंजूरी
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि पात्रता के मानकों पर खरे न उतरने वाले लाभार्थियों की यूनिट हटाई जा रही हैं। रिक्त हुई जगह पर वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों के सदस्यों के नाम शामिल किए जाएंगे, जिससे योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।