यूपी में अब DSO करेंगे सरकारी राशन दुकानों की जांच, तौल के लिए मशीन लेकर जाएंगे साथ
उत्तर प्रदेश में अब जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सरकारी राशन दुकानों की जांच सप्ताह में तीन दिन करेंगे और घटतौली पर कार्रवाई होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
डीएसओ सप्ताह में तीन दिन राशन दुकानों का निरीक्षण करेंगे।
घटतौली की जांच और लाभार्थियों को खाद्यान्न सत्यापन होगा।
कोटेदारों से वसूली पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सरकारी राशन की दुकानों पर घटतौली और अनियमितताओं की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारियों (डीएसओ) को सप्ताह में कम से कम तीन दिन क्षेत्र में जाकर उचित दर दुकानों का निरीक्षण करना होगा। इस दौरान वे अपने साथ तौल मशीन भी ले जाएंगे और लाभार्थियों को वितरित किए जा रहे खाद्यान्न का वजन कराकर सत्यापन करेंगे। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट मंत्री कार्यालय को भी भेजनी होगी।
खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोटेदारों से किसी भी प्रकार की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऐसी शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कोटेदारों की बैठक बुलाकर लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न वितरित न करने के निर्देश दिए।
आनलाइन बैठक में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी और राशनकार्ड आवेदनों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। प्रदेश में अब तक 9,023 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 1,373 भवन निर्माणाधीन हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी के 65 हजार होमगार्ड परिवारों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, अब आयुष्मान की तर्ज पर होगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज
राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी 95.04 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी परखी गई। मंत्री ने लंबित शिकायतों और राशनकार्ड आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उचित दर दुकानों के निरीक्षण के साथ निलंबित और निरस्त दुकानों के व्यवस्थापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई।