यूपी के 65 हजार होमगार्ड परिवारों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, अब आयुष्मान की तर्ज पर होगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के होमगार्ड स्वयंसेवकों और उनके परिवारों के लिए 'मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना' शुरू की है। इसके तहत लगभग 65 हजार परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज आयुष्मान भारत की तर्ज पर मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
होमगार्ड स्वयंसेवकों और परिवारों को 5 लाख तक कैशलेस सुविधा।
योजना का नाम 'मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना'।
आयुष्मान भारत की तर्ज पर सरकारी निजी अस्पतालों में इलाज।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के होमगार्ड स्वयंसेवकों, अवैतनिक अधिकारियों और उनके आश्रितों को अब प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड विभाग में पहले से संचालित कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था को शुक्रवार को 'मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना' नाम दिया है।
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि योजना के तहत प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के उपचार की करीब 65 हजार परिवारों को सुविधा मिलेगी।
इसके लिए स्टेट एजेंसी फार कांप्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) के माध्यम से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राजकीय अस्पतालों और साचीज से संबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज कराया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
योजना का लाभ होमगार्ड स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों को केवल सेवाकाल के दौरान ही मिलेगा। सेवा समाप्त होने के बाद वे इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे।
सेवा समाप्ति के साथ ही उन्हें जारी आयुष्मान कार्ड भी निरस्त कर दिया जाएगा। इससे प्रदेश के होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक राहत मिलेगी।