नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
बाराबंकी में सरयू नदी पर 400 करोड़ रुपये की लागत से दो नए थ्री-लेन पुलों का निर्माण शुरू हो गया है। ये पुल लखनऊ से नेपाल तक का सफर सुगम बनाएंगे और मौजूदा संजय सेतु पर यातायात का दबाव कम करेंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सरयू नदी पर दो नए थ्री-लेन पुलों का निर्माण शुरू।
400 करोड़ की लागत से बनेंगे, नेपाल तक सफर सुगम।
संजय सेतु पर यातायात दबाव घटेगा, आवागमन तेज होगा।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। सरयू नदी पर दो नए थ्री-लेन पुलों के निर्माण की तैयारियां अब जमीन पर दिखाई देने लगी हैं। संजय सेतु के निकट नदी में निर्माण कार्य के लिए पहुंच मार्ग तैयार किया जा रहा है। इसके लिए मशीनें और क्रेन लगाई गई हैं।
जीटी पुल बनाने का काम भी शुरू हो गया है। इसके तैयार होते ही मुख्य पुलों के निर्माण का रास्ता साफ होगा। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दोनों पुलों के तैयार होने से लखनऊ से नेपाल तक का सफर अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
बाराबंकी से बहराइच तक करीब 101 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने की 6,969 करोड़ रुपये की परियोजना में सरयू पर पुल निर्माण अहम हिस्सा है। मौजूदा संजय सेतु के निकट करीब 1,130 मीटर लंबे दो पुल बनाए जाएंगे। परियोजना के तहत अप और डाउन दिशा के लिए अलग-अलग तीन-तीन लेन के पुल प्रस्तावित हैं।
दो साल में तैयार करने की योजना
निर्माण कार्य के लिए सबसे पहले नदी के भीतर पहुंच मार्ग बनाया जा रहा है। क्रेन की मदद से जीटी पुल तैयार किया जा रहा है, ताकि नदी के बीच मुख्य निर्माण गतिविधियों को अंजाम देने में सहूलियत हो। निर्माण एजेंसी के अनुसार, पुलों को करीब दो वर्ष में तैयार करने की योजना है।
फिलहाल सरयू नदी पर आवागमन का पूरा दबाव टू-लेन संजय सेतु पर है। लखनऊ-बाराबंकी से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर होते हुए रुपईडीहा और नेपाल जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहनों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर यातायात धीमा हो जाता है और जाम की स्थिति बनती है।
बीते दिनों पुराने पुल की मरम्मत के दौरान पीपा पुल के सहारे वाहनों को निकाला गया था। नए पुल बनने से लखनऊ-बाराबंकी-बहराइच-गोंडा-बलरामपुर-रुपईडीहा होते हुए नेपाल तक का आवागमन और सुगम व तेज होगा।
भारी वाहनों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
परियोजना के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप सिंह ने बताया कि दोनों पुलों में प्रत्येक की चौड़ाई 16 मीटर होगी। तीन लेन के साथ डेढ़ फुट का फुटपाथ भी बनाया जाएगा। इससे साइकिल, मोटरसाइकिल, कार और भारी वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
दोनों पुल बनने के बाद पुराने संजय सेतु पर यातायात का दबाव घटेगा और नेपाल के साथ पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों की राह आसान होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।