Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Floods: यमुना-गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई जिलों के लोग संकट में, बांदा व रामपुर में एक-एक की मौत

    Updated: Sun, 07 Sep 2025 07:10 AM (IST)

    मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है जिससे घाट और बाजार डूब गए हैं। फर्रुखाबाद में गंगा का पानी घरों में घुस गया है। बांदा में छत्रपाल और रामपुर में विक्की की डूबने से मौत हो गई। इटावा हमीरपुर और कानपुर देहात में भी यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है जिससे चिंता बढ़ गई है।

    Hero Image
    आगरा के बटेश्वर में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा है।

    जागरण टीम, लखनऊ। प्रदेश में बाढ़-बारिश का संकट गहराता जा रहा है। मथुरा में यमुना नदी विकराल रूप धारण कर लिया है, जिसका जलस्तर खतरे के निशान से 1.23 मीटर ऊपर बह रहा है। शहरी क्षेत्रों में यमुना किनारे बने घाट पूरी तरह डूब चुके हैं और पानी बाजार मार्ग पर भी आ गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रविवार की सुबह तक विश्राम घाट मार्ग पर बनी दुकानों में पानी भर जाएगा। यमुना की खादर अब टापू में बदल गई है, जबकि गोकुल, रमणरेती, वंशीवट और रावल के अंदर भी पानी भर गया है। वृंदावन में अब धीरे-धीरे परिक्रमा मार्ग से रिहायशी इलाकों में भी पानी पहुंचने लगा है। घाटों को जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है।

    ग्रामीणों में बाढ़ के पानी में मगरमच्छ आने से डर का माहौल है

    फर्रुखाबाद में गंगा का पानी घरों में भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों में बाढ़ के पानी में मगरमच्छ आने से डर का माहौल है। बांदा व रामपुर में डूबने से एक-एक की मौत हुई है। आगरा में नदियों के पानी के साथ ही अब मगरमच्छ भी आफत बन रहे हैं।

    मछली पकड़ रहे मजदूर को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया। वहीं यमुना किनारे खड़े किशोर पर मगरमच्छ ने हमला बोला और खींचता हुआ गहरे पानी में चला गया। वन विभाग ने ड्रोन कैमरे से दोनों की तलाश कराई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

    उन्नाव में गंगा का जलस्तर पिछले 15 घंटे में तीन सेंटीमीटर बढ़ा

    उन्नाव में गंगा का जलस्तर पिछले 15 घंटे में तीन सेंटीमीटर बढ़ा है। फतेहपुर में गंगा का जलस्तर एक सेंटीमीटर घटा, जबकि यमुना का जलस्तर 91 सेंटीमीटर बढ़ गया। कन्नौज के कासिमपुर और बख्सीपुर्वा के ग्रामीण पलायन कर रहे हैं।

    इटावा में यमुना का जलस्तर प्रति घंटे दो सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। हमीरपुर में यमुना और बेतवा का जलस्तर भी बढ़ रहा है। कानपुर देहात में यमुना के बढ़ते जलस्तर से भोगनीपुर के आसपास के गांवों में चिंता बढ़ गई है। उरई के रामपुरा क्षेत्र में भी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

    बांदा में 55 वर्षीय छत्रपाल की डूबने से मौत

    बांदा में 55 वर्षीय छत्रपाल की डूबने से मौत हो गई। रामपुर में उफनाई पिलाखार नदी में नहाते समय एक 14 वर्षीय किशोर विक्की की डूबने से मौत हो गई। वहीं, मुरादाबाद मंडल के सभी जिलों में शनिवार को नदियों का जलस्तर कुछ घटा। गोकुल बैराज से डेढ़ लाख की क्यूसेक पानी छोड़ने के चलते शनिवार शाम तक आगरा में यमुना नदी का जलस्तर 499.13 फीट पर पहुंच गया।

    15 साल के बाद ताजगंज मोक्ष धाम स्थित विश्राम घाट में बाढ़ का पानी भर गया है। बाह स्थित बटेश्वर मंदिर की भी यही स्थित है। सिंचाई विभाग के अधिकारी ने बताया कि यमुना नदी के जल स्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

    बदायूं में गंगा में दो भाइयों समेत तीन डूबे

    बदायूं कछला में गंगा घाट पर प्रतिमा विसर्जन करने आए एटा निवासी दो भाइयों समेत तीन श्रद्धालु डूब गए। दुकानदार और पुलिस कर्मी तुरंत मदद के लिए कूदे और दो भाइयों को बचा लिया। शनिवार देर शाम तक तीसरे की तलाश की जाती रही।

    एटा के गांव सिसमिमपुर निवासी अर्जुन, उनके भाई सनी और चचेरे भाई साहिल अन्य ग्रामीणों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन करने आए थे। शनिवार शाम छह बजे विसर्जन के दौरान तीनों गहरे पानी में जाने पर डूब गए। उन्हें छटपटाता देखकर हेड कांस्टेबल श्यामवीर सिंह और एक दुकानदार तुरंत गंगा में कूद पड़ा। उन्होंने अर्जुन और साहिल को बचा लिया लेकिन, सनी गंगा की लहरों में कहीं गुम हो गए। 

    comedy show banner
    comedy show banner