विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे पर हर ढाई सेकंड में पकड़ा एक ओवरस्पीड का वाहन, 171 kmph तक पहुंची रफ्तार

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:39 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर 'ऑपरेशन सेफ स्पीड' के तहत 21 घंटे में 29,785 वाहन ओवरस्पीडिंग करते पकड़े गए, जिसमें कुछ वाहन 171 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते मिले।  

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 21 घंटे में 29,785 वाहन ओवरस्पीडिंग करते पकड़े गए।

  2. कुछ वाहन 171 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार पर मिले।

  3. अभियान में कुल 6.07 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का खतरा किस स्तर तक पहुंच चुका है, इसका अंदाजा यातायात निदेशालय के एक अभियान के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। ऑपरेशन सेफ स्पीड के तहत सात चरणों में कुल 21 घंटे की कार्रवाई हुई और इस दौरान 29,785 वाहन ओवरस्पीडिंग करते पकड़े गए।

यानी कार्रवाई की कुल अवधि का औसत निकालें तो हर ढाई सेकंड में एक वाहन गति सीमा का उल्लंघन करता मिला। यह आंकड़ा प्रदेशभर के एक्सप्रेसवे पर हुई संयुक्त कार्रवाई का औसत है। इससे साफ है कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार अब इक्का-दुक्का चालकों की लापरवाही नहीं रह गई है।

सबसे गंभीर बात यह है कि कुछ वाहन 160 से 170 किमी प्रति घंटे से भी अधिक गति से दौड़ते मिले। एक वाहन की रफ्तार 171 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई, जबकि दूसरे की 167 और तीसरे की 162 किमी प्रति घंटा थी।

इतनी अधिक गति पर अचानक सामने आने वाले वाहन, सड़क पर किसी अवरोध या टायर फटने जैसी स्थिति में चालक के पास संभलने का अवसर बेहद कम रह जाता है। ऐसे में दुर्घटना होने पर सिर्फ तेज रफ्तार वाहन में सवार लोगों की ही नहीं, बल्कि दूसरे वाहन में बैठे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है।

सात चरणों में चला अभियान

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की पहल पर अपर पुलिस महानिदेशक यातायात ए. सतीश गणेश के निर्देशन में 26 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच सात चरणों में यह अभियान चलाया गया। खास बात यह रही कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में उपलब्ध स्पीड इंटरसेप्टर को एक साथ सक्रिय कर सभी प्रमुख एक्सप्रेसवे पर दोनों दिशाओं में कार्रवाई की गई।

इस दौरान कुल 6.07 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर सर्वाधिक 9,922 वाहन पकड़े गए और 2.09 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर 4,099, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 3,460 और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 3,446 वाहनों के चालान हुए।

अब सर्दियों में इस चुनौती का एक और पहलू सामने है। कोहरे के कारण दृश्यता घटने पर एक्सप्रेसवे की निर्धारित गति सीमा भी कम कर दी गई है। पांच प्रमुख एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों की गति दिन में 80 और रात में 60 किमी प्रति घंटा तय की गई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से 15 फरवरी तक हल्के वाहनों के लिए 75 और भारी वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा की सीमा लागू रहेगी।

यह भी पढ़ें- मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 2,913 करोड़ की अमेरिकी फैक्ट्री का शिलान्यास, CM योगी बोले- 'बीमारू से अग्रणी बना UP'

यह भी पढ़ें- Kannauj Road Accident: नियमों की अनदेखी या नासमझी! हाईवे पर रेस्ट एरिया से 8 किमी पहले ही चालक ने खड़ी कर दी थी बस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।