मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 2,913 करोड़ की अमेरिकी फैक्ट्री का शिलान्यास, CM योगी बोले- 'बीमारू से अग्रणी बना UP'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमीनियम बेवरेज कैन फैक्ट्री का वर्चुअल शिलान्यास किया। यह परियोजना हजारों युवाओं को रोजगार देगी।

मेरठ के औद्योगिक गलियारा में स्थापित होने वाली अमेरिकी फैक्ट्री का वर्चुअल शिलान्यास करते मुख्यमंत्री। मेरठ में शिलान्यास के दौरान अमेरिकी कम्पनी और यूपीडा के अधिकारी।
HighLights
मुख्यमंत्री ने अमेरिकी फैक्ट्री का वर्चुअल शिलान्यास किया।
मेरठ में कार्यक्रम का अतिथियों ने दीप जलाकर शुभारंभ किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। खेल के सामान के लिए विश्व भर में पहचान रखने वाला मेरठ अब एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ के औद्योगिक गलियारा में 2,913 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाली अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमीनियम बेवरेज कैन फैक्ट्री का वर्चुअल शिलान्यास किया।
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में लगने वाली इस विश्वस्तरीय इकाई के शिलान्यास के लिए आमंत्रित भूमि पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री जसवंत सैनी के साथ राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी और कंपनी के पदाधिकारी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया इस दौरान उन्होंने कहा कि यह परियोजना मेरठ के लिए एक 'एंकर यूनिट' की तरह काम करेगी। इससे न केवल हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, बल्कि स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग से जुड़े उद्यमियों के लिए व्यापार के नए द्वार खुलेंगे।
मेरठ एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत खेल उत्पादों के लिए प्रसिद्ध है और यहां मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भी आकार ले चुका है। अब यह शहर पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ वैश्विक स्तर के आधुनिक विनिर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने मेरठ के तीव्र औद्योगिक विकास के पीछे विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे को मुख्य आधार बताया। उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, 12 लेन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता मेरठ को अद्वितीय मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करती है।
देश में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स के तेजी से बढ़ते बाजार का सीधा लाभ इस नई इकाई को मिलेगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ और ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के 1,100 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर भी तेजी से काम आगे बढ़ा है।
70 साल बनाम साढ़े नौ साल का औद्योगिक सफर
प्रदेश में औद्योगिक क्रांति के आंकड़े साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लगभग 70 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कुल 14 हजार फैक्ट्रियां ही लग पाई थीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने महज साढ़े नौ वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन दो हजार फैक्ट्रियां लगाकर इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंचा दी है। यदि पहले जैसी धीमी गति से काम होता, तो इन वर्षों में मुश्किल से 1,700 से 1,800 फैक्ट्रियां ही लग पातीं।
शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पॉलिसी पैरालिसिस समाप्त कर मजबूत कानून-व्यवस्था कायम करने का परिणाम है कि कभी 'बीमारू' कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं और अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्यों में शामिल हो गया है।
पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी लगभग तीन गुना बढ़ी है। आज देश के 55 फीसदी मोबाइल और 60 फीसदी इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे हैं।
2030 तक वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य
औद्योगिक रोडमैप पर प्रकाश डालते हुए योगी ने बताया कि प्रदेश को मिले 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। आगामी इन्वेस्टर समिट में लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग होगी।
75 हजार एकड़ का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आईएमएलसी, निवेश मित्र सिंगल विंडो सिस्टम और डिरेगुलेशन 1.0 में देश में पहला स्थान हासिल करना यूपी की औद्योगिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सैमसंग, एलजी, फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट और बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनियां 'मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड' के संकल्प को साकार करते हुए 2030 तक प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
वही मेरठ में आयोजित कार्यक्रम का सभी अतिथियों ने दीप जलाकर शुभारंभ किया एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने कंपनी के अधिकारियों को भूमिका कब्जा प्रमाण पत्र सौंपा।
समारोह में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, अमित अग्रवाल सहित बॉल बेवरेज पैकेजिंग के शीर्ष अधिकारी तथा लखनऊ से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, यूपीडा सीईओ अजय चौहान व इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।