यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Election 2022 Results: योगी के दोबारा सीएम बनने पर यूपी छोड़ने की घोषणा करने वाले मुनव्वर राना की बेटी को नोटा से भी कम वोट
UP Election 2022 Results मशहूर शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि पांच वर्ष में तो हम बच गए मगर ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 के मतदान से पहले बड़ी घोषणा करने वाले प्रख्यात शायर मुनव्वर राना को दोहरा आघात लगा है। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी जहां लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की ओर है, वहीं मुनव्वर राना की तबीयत परिणाम घोषित होने से पहले खराब हो गई। इतना ही नहीं उनकी पुत्री उन्नाव के पुरवा से कांग्रेस की प्रत्याशी उरूसा तो पांचवें स्थान पर हैं, उनको तो नोटा से भी कम वोट मिले हैं। राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस के टिकट पर लड़ी उरूसा के करीब तो निर्दलीय प्रत्याशी हर्षित तिवारी रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश का दोबारा मुख्यमंत्री बनने की स्थिति में उत्तर प्रदेश छोड़ देने की घोषणा करने वाले मुनव्वर राना की बेटी की सीट का भी हाल काफी बुरा है। कांग्रेस की ओर से उन्नाव की पुरवा सीट से उम्मीदवार उरूसा इमरान राना ने काफी बुरी शिकस्त झेली है। उनकी जमानत भी जब्त हो गई है और उनको नोटा से भी कम वोट मिले हैं।
उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट ने भारतीय जनता पार्टी के अनिल कुमार सिंह ने जीत दर्ज की है। उनको 1,33,827 वोट मिले हैं। यहां पर दूसरे स्थान पर रहने वाले समाजवादी पार्टी के उदय राज को 1,00,2373 वोट मिले हैं। बसपा के विनोद कुमार 10,557 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। नोटा के खाते में 26,09 वोट गए हैं तो उरूसा इमरान राना को 1878 वोट मिले। निर्दलीय हर्षित तिवारी को 1215 वोट मिले हैं। उरूसा को नोटा से भी कम वोट मिले हैं। ऐसे में उरूसा पुरवा सीट से पांचवें नंबर पर रहीं।
इससे पहले शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बने तो यूपी छोड़ दूंगा। उन्होंने घोषणा की था कि वह लखनऊ से दिल्ली या फिर कोलकाता चले जाएंगे। अब नतीजे आने से पहले मुनव्वर राना की तबीयत खराब हो गई है। मुनव्वर राना बीमार पड़ गए हैं। अब तो यहां भाजपा की सरकार बन रही है।
अब मुनव्वर राना ने अपनी पूर्व की घोषणा पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उनकी तीन दिन से तबीयत खराब है और वह घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। मशहूर शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि पांच वर्ष में तो हम बच गए, मगर अगले पांच वर्ष में योगी आदित्यनाथ आ गए तो हम जिंदा नहीं बचेंगे। मरना तो वैसे ही है लेकिन बेमौत नहीं मरना चाहता हूं।
