UP Election News: उपचुनाव में हार देख लाल टोपी वाले कर रहे गुंडई, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सपा पर लगाया आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हार देखकर लाल टोपी वाले गुंडई कर र ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि उपचुनाव में हार देखकर लाल टोपी वाले गुंडई कर रहे हैं। सपा ने अपने गुंडा और माफिया प्रकोष्ठ को आगे कर दिया है। शांति और सौहार्द के माहौल में चुनाव संपन्न हो, यह सपा को कभी नहीं सुहाता है। इसलिए यह लोग उपचुनाव को रक्तरंजित करने पर उतारू हैं।
उन्होंने कहा अखिलेश की बदहवासी उनकी राजनीतिक जमीन खिसकने की खिसियाहट है। पूरा प्रदेश लाल टोपी वालों के काले कारनामों का ताजा संस्करण देखकर स्तब्ध है। वहीं, भाजपा ने चुनाव आयोग से भी सपा की कई शिकायतें की हैं।

लाल टोपी वाले गुंडों ने की हत्या
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौधरी ने कहा कि गुंडागर्दी की सारी हदें पार और इंसानियत को शर्मसार करते हुए करहल में एक वंचित समाज की बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई।
लड़की के माता-पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या सपा नेताओं ने सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि उसने भाजपा को वोट देने की बात की थी। पीडीए का नारा देने वाले अखिलेश के लाल टोपी वाले गुंडों ने करहल में दलित बेटी की निर्मम हत्या कर दी।
चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश
अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सपा ने बड़ी संख्या में बाहरी अराजक तत्वों को बुलाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की है। फर्जी मतदान सपा की पहचान है। अखिलेश निर्वाचन आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। सरेआम पुलिस, निर्वाचन आयोग, पीठासीन अधिकारी निर्वाचन तंत्र पर आरोप लगाना उन्हें नौकरी जाने, पीएफ से वंचित करने जैसी धमकियां दी जा रही हैं, यह कतई स्वीकार्य नहीं है।
वोट के लिए सपाइयों ने कर दी बेटी की हत्या: ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि सपा गुंडागर्दी से बाज नहीं आ रही है। सुबह से ही सपा के अराजक तत्व आम जनता को धमका रहे हैं। सपा समर्थित गुंडों ने जघन्य अपराध किया है। उन्होंने वंचित वर्ग की बेटी के साथ अत्याचार किया।
भाजपा को वोट देना चाहती थी, इसलिए सपाइयों ने उसकी हत्या कर दी। सपा का वंचित समाज से कोई लेना-देना नहीं है। सत्ता में आने के बाद सपा ने हमेशा अपराधियों को आगे बढ़ाया है। सपा के समर्थक बुर्का पहनकर मतदान करना चाहते हैं। करहल में सपा कराह रही है। सपा मुखिया अफसरों को भी धमका रहे हैं, जबकि उनकी सरकार में अफसरों की पिटाई तक की जाती थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।