Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Election 2024: उपचुनाव में कांग्रेस को कितनी सीटें देगा आईएनडीआईए? उम्मीदवार घोषित कर सपा दे चुकी है झटका

    Updated: Tue, 15 Oct 2024 03:26 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए सपा ने 10 में से 6 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं जिससे कांग्रेस को झटका लगा है। कांग्रेस उपचुनाव में भाजपा और रालोद के हिस्से रहीं 5 सीटों पर अपनी दावेदारी कर रही थी लेकिन अब उसके हिस्से में सिर्फ 2 सीटें आने की उम्मीद है। कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगा।

    Hero Image
    सपा के छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब गाजियाबाद, खैर, मीरापुर व कुंदरकी सीट बची हैं।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा उपचुनाव के लिए 10 में से छह सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर सपा ने कांग्रेस को झटका दिया है। कांग्रेस उपचुनाव में भाजपा व रालोद के हिस्से रहीं पांच सीटों पर अपनी दावेदारी कर रही थी। अब उसके हिस्से दाे सीटें ही आने की उम्मीद है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस का सहयोगी दलों पर दबाव कम

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस का विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के सहयोगी दलों पर दबाव कम होता दिख रहा है। सपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था। 

    ऐसे में उपचुनाव (UP By Election 2024) में वह सात से आठ सीट पर अपनी दावेदारी बरकरार रखेगी। पिछले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के हिस्से रही मीरापुर सीट को भी सपा अपने हिस्से में जोड़ रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा व रालोद के बीच गठबंधन था।

    छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है सपा

    प्रदेश कांग्रेस (Congress) ने सपा से गठबंधन के तहत उपचुनाव के लिए पांच सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा था। इनमें भाजपा के हिस्से रहीं फूलपुर, खैर, गाजियाबाद व मझवां के अलावा रालोद के हिस्से रही मीरापुर सीट पर कांग्रेस अपनी उम्मीदवार मैदान में उतारने की तैयारी में थी। 

    सपा (Samajwadi Party) के छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब गाजियाबाद, खैर, मीरापुर व कुंदरकी सीट बची हैं। इनमें गाजियाबाद व खैर कांग्रेस के हिस्से आ सकती हैं। कुंदरकी व मीरापुर सीट सपा के हिस्से में ही रहने की उम्मीद अधिक है। 

    सीटों के बंटवारे पर केंद्रीय नेतृत्व लेगा निर्णय

    हालांकि, कांग्रेस ने सभी 10 सीटों पर संविधान सम्मान सम्मेलन के जरिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की घोषणा की थी। कांग्रेस ने इसकी शुरुआत प्रयागराज के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र से की थी, जिसके बाद मंझवा, मीरापुर व खैर विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन हुआ। 

    कांग्रेस ने बुधवार को कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्रों में संविधान सम्मेलन का आयोजन किया। शेष पांच सीटों पर 14 से 18 अक्टूबर के मध्यम सम्मेलन होंगे। कांग्रेस सभी 10 सीटों के लिए वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी व पर्यवेक्षक नियुक्त कर चुकी है। 

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि उपचुनाव में पांच सीटों पर लड़ने का प्रस्ताव दिया था। सपा से सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। कांग्रेस का लक्ष्य भाजपा को हराना है।

    यह भी पढ़ें: बहराइच में बवाल: नाखून उखाड़कर गोली मारी… पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, दूसरे दिन भी चलता रहा गोरिल्ला युद्ध

    यह भी पढ़ें: Mahakumbh: महाकुंभ में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए संकल्पित है योगी सरकार