UP Election 2022: पीयूष गोयल बोले- यूपी का मजाक उड़ाने व पंजाब से भगाने वालों को सबक सिखाएगी जनता
UP Vidhan Sabha Election 2022 केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पहले व दूसरे चरण से जो संकेत मिले हैं उसमें भाज ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी और कंग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीयूष गोयल ने कहा है कि यूपी और बिहार के लोगों का मजाक उड़ाने व पंजाब से भगाने की कोशिश करने वालों को विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय पर उन्होंने कहा कि कोविड-19 के भीषण दौर में कांग्रेस नेता मुंबई से लोगों को भगा रहे थे। दूसरी ओर मोदी व योगी ने सभी का आगे बढ़कर स्वागत किया और उनका जीवन व जीविका चलाई। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो पर केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस शुरू से यूपी के लोगों का मजाक उड़ाती रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगया कि एसपी सिंह बघेल को चुनाव मैदान में करहल सीट से उतारने के बाद से अखिलेश यादव परेशान हैं। इसीलिए उन पर हमला किया गया।
ज्ञात हो कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल है, जिसमें वह यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने यूपी और बिहार वालों को वापस भेजने की दलील दे रहे हैं। पत्रकारों के सवाल पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस शुरू से यूपी के लोगों का मजाक उड़ाती रही है। शिपिंग घोटाले पर उन्होंने कहा कि 2012-13 में जब यूपीए की सरकार थी और समाजवादी पार्टी उसे समर्थन दे रही थी, तब ऋण दिया गया था। इसका जवाब दो लड़कों राहुल गांधी व अखिलेश यादव को देना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने संत रविदास जयंती पर उनकी कही लाइनें 'ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न' दोहराते हुए कहा कि इसको धरातल पर भाजपा ने ही उतारा है। देश में खाद्य सुरक्षा पर तीन लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कोरोना के विकट दौर में 80 करोड़ लोगों को अन्न बांटा गया, ताकि किसी को भूखा न सोना पड़े। मोदी-योगी ने गरीबों की चिंता की इसलिए प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को अन्न योजना का लाभ मिल रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय पर बुधवार को केंद्रीय मंत्री गोयल ने पत्रकारों से कहा कि योगी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में हर क्षेत्र में जो काम किया है, उसके लिए 24 करोड़ जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए हर वर्ग को अपने साथ रखते हुए जिस तरह योगी सरकार ने जनकल्याणकारी सरकार चलाई हैं उसकी हर जगह प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में इसको आगे बढ़ाकर यूपी देश में सुनहरे प्रदेश के रूप में छाप छोड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने याद दिलाया कि 2017 में वे जब चुनाव प्रचार के लिए आए थे तो एक दिन में ही लखनऊ समेत कई जिलों में व्यापारियों की दिन दहाड़े हत्याएं हुई थी। प्रदेश में अराजकता चरम पर थी, आम आदमी डरा हुआ था। वे खुद लखनऊ में व्यापारी श्रवण साहू के घर गए थे। आज प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर बढ़ चला है। यहां योगी ने कानून का राज स्थापित किया है। इससे न केवल बड़े पैमाने पर निवेश आया है, बल्कि लाखों युवाओं को रोजगार भी मिला है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए योगी सरकार ने अभूतपूर्व काम किये हैं, 2012 से 2017 के बीच गन्ना किसानों को जितना भुगतान किया गया उसका लगभग दोगुणा 1.59 लाख करोड़ का भुगतान 2017 से अब तक किया गया। जिसमें पिछली सरकार का बकाया भी शामिल है। पिछले पांच वर्षों में धान की कुल 275 लाख टन की क्रय की गई, जबकि 2012 से 2017 के बीच मात्र 123 लाख टन खरीद ही थी। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में दो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे थे जो अब पांच हो गए हैं। पहले एयर कनेक्टिविटी सिर्फ 25 स्थानों तक सीमित थी, जबकि आज 75 शहरों से हवाई सुविधा के माध्यम से यूपी जुड़ चुका है।
इसी तरह 1947 से अब तक प्रदेश में सिर्फ 12 सरकारी मेडिकल कालेज थे, जबकि पिछले पांच सालों में इनकी संख्या 30 हो गई। इसी तरह एमबीबीएस की सीट 2017 में 1900 हुआ करती थी, जो बढ़कर 3800 हो गयी है। सपा की परिवारवादी सोच पर प्रहार करते हुए गोयल ने कहा कि जो पार्टी सिर्फ एक परिवार का भला सोच सकती है उसके लिए भाजपा की सबका साथ सबका विकास की सोच समझ के बाहर है। यह तो सिर्फ जनता ही समझ सकती है जिसने योगी सरकार में अपना विश्वास व्यक्त किया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।