AI और क्वांटम के खतरों से कैसे बचेगा यूपी? लखनऊ में साइबर सुरक्षा रोडमैप पर हुआ मंथन
उत्तर प्रदेश में एआई और क्वांटम कंप्यूटिंग से बढ़ते साइबर खतरों से निपटने के लिए एक साइबर सुरक्षा रोडमैप बनाने पर मंथन हुआ। लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में सरकारी विभागों, पुलिस और विशेषज्ञों ने ₹2000 करोड़ के यूपी एआई मिशन के तहत डेटा सुरक्षा पर चर्चा की।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
एआई और क्वांटम तकनीक से बढ़ते साइबर खतरों पर मंथन।
यूपी सरकार ₹2000 करोड़ के एआई मिशन को देगी बढ़ावा।
सरकारी डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा पर विशेषज्ञों ने की चर्चा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और क्वांटम कंप्यूटिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ रहा है। इससे निपटने के लिए उत्तर प्रदेश में सरकारी विभागों, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर साइबर सुरक्षा का रोडमैप तैयार करने पर मंथन हुआ।
बुधवार को गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय में उत्तर प्रदेश राज्य फोरेंसिक विज्ञान संस्थान के निदेशक डा. जीके गोस्वामी की पहल पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें डेटा सुरक्षा परिषद (डीएससीआई) के निदेशक अतुल मिश्रा ने भी साइबर सुरक्षा और डेटा संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
कार्यशाला में शासन के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि डा. गोस्वामी की यह पहल वर्तमान दौर में बेहद महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये के यूपी एआई मिशन को स्वीकृति दी है। इसके तहत जनहित की योजनाओं में एआई के उपयोग और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि आइआइटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास हो रहे हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने सरकारी सेवाओं में तकनीक के इस्तेमाल के साथ लाभार्थियों की निजता, गरिमा और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एटीएस के डीआइजी अभिषेक यादव ने कहा कि एआई आधारित विश्लेषण से साइबर अपराध और फर्जी डिजिटल पहचान से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में मदद मिल सकती है, हालांकि अंतिम निर्णय मानव अधिकारी का होना चाहिए।
यह भी पढ़ें- यूपी के मदरसों में कामिल-फाजिल डिग्रीधारक शिक्षकों का मांगा गया ब्योरा, नियुक्तियों की होगी समीक्षा
सिस्को इंडिया के संदीप अग्रवाल ने पहचान प्रबंधन, नेटवर्क विभाजन और निगरानी को मजबूत साइबर सुरक्षा के प्रमुख आधार बताया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने सरकारी डिजिटल ढांचे को साइबर हमलों से सुरक्षित बनाने तथा नियमित सुरक्षा परीक्षण की जरूरत पर भी चर्चा की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।