उत्तर प्रदेश में नवंबर अंत तक चलेंगी सभी चीनी मिलें, धान खरीद में लापरवाही पर कार्रवाई; मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने पराली जलाने पर पूर्ण नियंत्रण, धान खरीद में किसानों को परेशानी न होने और नवंबर ...और पढ़ें

HighLights
पराली जलाने पर पूर्ण नियंत्रण, किसानों को जागरूक करें।
धान खरीद सुचारु रखें, उर्वरक केंद्रों पर स्टॉक हो।
नवंबर अंत तक सभी चीनी मिलें संचालित करें।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने अधिकारियों को पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने और किसानों से लगातार संवाद कर उन्हें जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि धान व मोटे अनाज की खरीद में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी क्रय केंद्र पूरी तरह सक्रिय रहें और वहां केंद्र प्रभारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नवंबर माह के अंत तक प्रदेश की सभी चीनी मिलों का संचालन शुरू कराने के भी निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक
मुख्य सचिव ने रविवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्राम स्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जाए। किसानों को फसल अवशेषों के प्रबंधन के व्यावहारिक विकल्प बताए जाएं।
प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी लगातार निगरानी करें, ताकि इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में पिछले वर्ष की तुलना में कमी लाई जा सके। उन्होंने सभी बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त स्टाक रखने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी केंद्र पर शून्य स्टाक की स्थिति नहीं होनी चाहिए। खराब पड़ी पीओएस मशीनों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि किसानों को खाद लेने में दिक्कत न हो।
धान और मोटे अनाज की खरीद के लिए सभी केंद्रों को क्रियाशील रखने के साथ नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। किसानों को एमएसपी, पंजीकरण और भुगतान की जानकारी देने के लिए मंडियों के मुख्य द्वार पर बैनर और वाल पेंटिंग कराई जाए।
खरीद संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। धान खरीद का लक्ष्य 65 लाख टन रखा गया है। इसके लिए 4,500 क्रय केंद्र खोलने का लक्ष्य था, जबकि अब तक 4,881 केंद्र संचालित हो चुके हैं। 14 नवंबर तक 21,384 किसानों से 181 करोड़ रुपये की धान की खरीद की जा चुकी है।
चीनी मिलों में पेराई की तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने गन्ना किसानों को समय से भुगतान कराने और चीनी मिलों में पेराई की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित करने को कहा। सर्दी के मद्देनजर गो-आश्रय स्थलों में शेड, अलाव और फर्श पर पुआल की व्यवस्था करने के साथ भूसे और हरे चारे का पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की खराब स्थिति पर भी मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभावित सड़कों का सर्वे कराकर प्राथमिकता से मरम्मत कराने और काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।