उत्तर प्रदेश में पराग दुग्ध पदार्थ के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, वापस लिया दूध की कीमतें बढ़ाने के निर्णय
Parag Dairy Products: पराग टोंड मिल्क की एक लीटर की कीमत 59 रुपये और 500 एमएल पैक की कीमत 30 रुपये ही रहेगी।

लखनऊ दुग्ध संघ (पराग) ने उपभोक्ताओं को राहत दी
HighLights
गोल्ड दूध पर चार रुपये और टोंड दूध पर दो रुपये की बढ़ोतरी का फैसला वापस
अब प्रदेश भर में पुराने दामों पर ही मिलेगा पराग का दूध
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मदर डेयरी और अमूल के बाद दूध के दाम बढ़ाने की तैयारी कर रहे लखनऊ दुग्ध संघ (पराग) ने उपभोक्ताओं को राहत दी है। पराग ने दूध की कीमतों में प्रस्तावित बढ़ोतरी का फैसला वापस ले लिया है। ऐसे में उपभोक्ताओं को अब पराग गोल्ड और टोंड दूध पुराने दामों पर ही मिलेगा।
पराग एफसीएम गोल्ड दूध की एक लीटर की कीमत 72 रुपये ही रहेगी। इसे बढ़ाकर 76 रुपये करने का निर्णय वापस ले लिया गया है। इसी तरह 500 एमएल का पैक 36 रुपये में ही मिलेगा, जबकि इसे 38 रुपये करने की तैयारी थी। पराग टोंड मिल्क की एक लीटर की कीमत 59 रुपये और 500 एमएल पैक की कीमत 30 रुपये ही रहेगी। पहले इन्हें क्रमश: 61 और 31 रुपये करने का निर्णय लिया गया था।

पराग के महाप्रबंधक आइबी सिंह ने बताया कि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के फैसले को रविवार को वापस ले लिया गया है। उपभोक्ताओं को पहले की दरों पर ही दूध उपलब्ध कराया जाएगा। 12 नवंबर की शाम से बढ़ी दरों को लागू करने का निर्णय लिया गया था, जिसे अब वापस ले लिया गया है।