UP News: मोदी, शाह और नड्डा से मिले CM याेगी, प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे से लखनऊ में संगठन और मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। माना जा रहा है कि मानसून सत्र से पहले नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय समीकरणों को साधने पर विचार किया जा रहा है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा को लेकर चल रहे इंतजार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। योगी ने शनिवार को देश की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।
माना जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश संगठन और मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश में मतातंरण की साजिश के भंडाफोड़ और उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को लेकर भी जानकारी साझा की गई। योगी के दौरे से कयास लगाए जा रहे हैं कि अगस्त में होने वाले मानसून सत्र से पहले नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।
वहीं प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी बरेली में गृहमंत्री से मुलाकात की। इसके बाद इन कयासों को और बल मिला है। पिछले दिनों राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री भी दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने दिल्ली में सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से मुलाकात की। इसके बाद प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मुलाकात की। योगी ने एक्स पर मुलाकातों के फोटो पोस्ट की। मोदी से मुलाकत की पोस्ट में योगी ने लिखा,‘विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आज शिष्टाचार भेंट कर उनका आत्मीय मार्गदर्शन प्राप्त किया। अपना अमूल्य समय देने के लिए हृदयतल से प्रधानमंत्री जी का आभार।’ उन्होंने गृहमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।
इन मुलाकातों के बाद प्रदेश में संगठन और मंत्रिमंडल को लेकर गतिविधि तेज होने के कयास लग रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद से नये प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने का इंतजार हो रहा है। अब चर्चा है कि विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय हो सकता है।
इसके तत्काल बाद मंत्रिमंडल के विस्तार की प्रक्रिया शु़रू होगी। इसमें वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव और अगले विधानसभा चुनाव के लिहाज से मंत्रिमंडल में विस्तार के सहारे भाजपा जातीय समीकरण साधने का दांव चलेगी।
योगी से पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी पिछले दिनों अलग-अलग दिल्ली का दौरा किया था और राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की थी। उनकी मुलाकातों को भी विचार मंथन की इसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।