Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP By Election: यूपी उपचुनाव में काफी धीमा रहा मतदान, पढ़ें 2022 के मुकाबले इस बार कितना आया अंतर

    Updated: Thu, 21 Nov 2024 03:10 PM (IST)

    यूपी की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मतदान धीमा रहा। सुबह दो घंटे में 9.67% और दिनभर में केवल 41.92% मतदान हुआ। सपा ने भाजपा पर मतदाताओं को रोकने ...और पढ़ें

    Hero Image
    विधानसभा उपचुनाव में काफी धीमा रहा मतदान

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की नौ विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के शुरुआत में मतदान कुछ धीमा रहा। दो घंटे में 9.67 प्रतिशत वोट पड़े। दिन में 11 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर में एक बजे मतदान का आंकड़ा 31.21 प्रतिशत तक पहुंचा। दिन में तीन बजे तक मात्र 41.92 प्रतिशत ही वोट पड़ सके थे। सपा ने आरोप लगाया कि उसके मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, भाजपा ने भी सपा पर गुंडई करने का आरोप लगाया। इस चुनाव में भाजपा आठ व उसकी सहयोगी रालोद एक सीट पर किस्मत आजमा रही है। सपा इस चुनाव में कांग्रेस के समर्थन से सभी नौ सीटों पर लड़ रही है। वहीं, बसपा भी सभी सीटों पर मैदान में थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। जहां से भी ईवीएम व वीवीपैट की शिकायत मिली उसे तत्काल बदल दिया गया।

    राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों से जितनी भी शिकायतें मिली उनकी जांच कराकर निस्तारित कर दिया गया। पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे मतदाताओं की आइडी की जांच नहीं करेंगे इसके बावजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने यह काम किया।

    पहचान पत्र जांचने का अधिकार पोलिंग बूथ के अंदर मतदानकर्मियों को ही है। दरअसल, सपा अध्यक्ष ने बुधवार को मतदान के दौरान प्रेस कान्फ्रेंस कर भाजपा व आयोग पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कई अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के नाम भी बताए थे। इसी के बाद आयोग ने कार्रवाई की है।

    यह रही चुनाव आयोग की तैयारी

    चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए नौ सामान्य प्रेक्षक, पांच पुलिस प्रेक्षक तथा नौ व्यय प्रेक्षक तैनात किए थे। इसके अलावा 350 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 56 जोनल मजिस्ट्रेट, 60 स्टेटिक मजिस्ट्रेट व 745 माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। कुल 3718 पोलिंग बूथों में से आधे की वेबकास्टिंग कराई गई। इसकी निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी व भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तर पर की गई।

    किस सीट पर कितना मतदान

    विस क्षेत्र वोट प्रतिशत वर्ष 2022 में 
    मीरापुर 57.12 68.65 
    कुंदरकी 57.72  71.26 
    गाजियाबाद  33.30  51.57 
    खैर 46.36 61.89 
    करहल 54.10  65.97 
    सीसामऊ 49.13  56.88 
    फूलपुर 43.45 60.09 
    कटेहरी 56.90  62.51 
    मझवां 50.41 61.60