Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी उपचुनाव: अपने ही गढ़ में सपा की जमानत जब्त, इस सीट पर रही कांटे टक्कर! भाजपा ने कटेहरी भी छीनी

    Updated: Sat, 23 Nov 2024 11:14 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा ने नौ में से सात सीटों पर जीत दर्ज की है जिसमें मुस्लिम बहुल मुरादाबाद की कुंदरकी और अंबेडकरनगर की कटेहरी सीटें शामिल हैं। कुंदरकी में 31 वर्ष बाद फिर से कमल खिला है। कटेहरी सीट पर 33 वर्ष बाद भाजपा का परचम लहराया है।

    Hero Image
    अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट पर 33 वर्ष बाद भाजपा का परचम लहराया है।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा की नौ सीटों के उपचुनाव में भाजपा गठबंधन को बड़ी सफलता मिली है। भगवा खेमे को नौ में से सात सीटों में सफलता मिली है। मुस्लिम बहुल मुरादाबाद की कुंदरकी में 31 वर्ष बाद फिर से कमल खिला है। अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट पर 33 वर्ष बाद भाजपा का परचम लहराया है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा ने गाजियाबाद, फूलपुर, खैर व मझवां में भी जीत दर्ज की ही। उसकी सहयोगी रालोद ने मीरापुर सीट फिर से जीत ली है। समाजवादी पार्टी का ‘पीडीए’ इस चुनाव में पूरी तरह बिखर गया। उसे महज दो सीटें करहल व सीसामऊ में ही जीत मिली है। बसपा इस चुनाव में भी कोई कमाल नहीं दिखा सकी।

    सपा के हाथ से फिसली दो सीट

    वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में इन नौ में से भाजपा को तीन व उसकी सहयोगी निषाद पार्टी को एक सीट मिली थी। एक सीट रालोद ने सपा के समर्थन से जीती थी, अब रालोद एनडीए के साथ है। सपा ने चार सीटें जीती थी। 

    उपचुनाव में चार में से दो सीट कटेहरी और कुंदरकी भी सपा के हाथ से फिसल गई है। कुंदरकी में तो अप्रत्याशित परिणाम आया है। यहां सपा की जमानत तक जब्त हो गई है। भाजपा के रामवीर सिंह को यहां 76.71 प्रतिशत व सपा के मो. रिजवान को महज 11.52 प्रतिशत वोट मिले हैं। भाजपा ने यहां सपा को 1,44,791 वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया है।

    पढ़ें सभी सीटों के परिणाम

    सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना में सबसे पहला परिणाम कानपुर के सीसामऊ का आया। यहां पर भाजपा की लाख नाकेबंदी के बावजूद सपा एक बार फिर जीतने में सफल रही। यहां सपा की नसीम सोलंकी ने भाजपा के सुरेश अवस्थी को 8564 वोटों से हरा दिया है। यहां सपा को 52.36 प्रतिशत व भाजपा को 45.93 प्रतिशत वोट मिला है। 

    मझवां में रही कांटे की टक्कर

    सबसे कांटे की टक्कर मीरजापुर की मझवां सीट में देखने को मिली। यहां भाजपा की सुचिश्मिता मौर्य ने सपा की डॉ. ज्योति बिंद को 4922 वोटों के अंतर से हराया है। यहां भाजपा को 38.55 प्रतिशत व सपा को 36.11 प्रतिशत वोट मिले हैं। बसपा के दीपक तिवारी को 17.32 प्रतिशत वोट मिले हैं।

    मीरापुर में रालोद की मिथलेश पाल ने सपा की सुम्बुल राणा को 30,796 मतों से हरा दिया। रालोद को 45.43 प्रतिशत व सपा को 28.84 प्रतिशत वोट मिले हैं। यहां पर चन्द्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जाहिद हुसैन ने 12.21 प्रतिशत व ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के प्रत्याशी मो. अरशद को 10.17 प्रतिशत वोट मिले हैं।

    करहल में तेज प्रताप सिंह जीते

    गाजियाबाद में भाजपा के संजीव शर्मा ने सपा के सिंह राज जाटव को 69,351 मतों से हरा दिया है। भाजपा को 62.99 प्रतिशत व सपा को यहां 17.93 प्रतिशत वोट मिले हैं। इस सीट पर सबसे कम महज 33.3 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। 

    खैर सीट पर एक बार फिर भाजपा ने जीत दर्ज की है। यहां पर सुरेन्द्र दिलेर ने सपा की चारू कैन को 38,393 वोटों से हरा दिया है। सपा के गढ़ करहल में तेज प्रताप सिंह भाजपा के अनुजेश प्रताप सिंह से 14,725 वोटों से जीते हैं। यहां सपा को 50.45 प्रतिशत व भाजपा को 43.33 प्रतिशत वोट मिला है।

    फूलपुर पर भाजपा का दबदबा कायम

    प्रयागराज की फूलपुर सीट पर भी भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखा। यहां भाजपा के दीपक पटेल ने सपा के मो. मुज्तबा सिद्दीकी को 11,305 वोटों के अंतर से हरा दिया। यहां बसपा ने सपा का खेल बिगाड़ दिया। बसपा को यहां 20,342 वोट मिले हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी साहिद खान को 4,449 वोट मिले हैं। 

    कटेहरी सीट पर भाजपा के धर्मराज निषाद ने सपा की शोभावती वर्मा को 34,514 वोटों के अंतर से हरा दिया। शोभावती सपा सांसद लालजी वर्मा की पत्नी है। यहां भी बसपा ने सपा को जीतने नहीं दिया। कटेहरी में बसपा प्रत्याशी अमित वर्मा को 41,647 वोट मिले हैं।

    किस सीट पर किसे मिली सफलता

    सीट का नाम उपचुनाव के परिणाम 2022 के परिणाम
    मीरापुर रालोद रालोद
    कुंदरकी भाजपा सपा
    गाजियाबाद भाजपा भाजपा
    खैर भाजपा भाजपा
    करहल सपा सपा
    सीसामऊ सपा सपा
    फूलपुर भाजपा भाजपा
    कटेहरी भाजपा सपा
    मझवां भाजपा निषाद