Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP By Election 2024: विधानसभा उपचुनाव को लेकर सपा ने सजाया मैदान, दिग्गजों के हाथों में होगी चुनाव की कमान

    यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना था। इसमें से पांच सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी। मंगलवार को जिन नौ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई उनमें वर्ष 2022 के चुनाव में चार सीटें करहल कटेहरी कुंदरकी व सीसामऊ सपा ने जीती थीं। मीरापुर सीट पर आरएलडी ने सपा के साथ गठबंधन में जीत दर्ज की थी।

    By Nishant Yadav Edited By: Vinay Saxena Updated: Wed, 16 Oct 2024 08:29 AM (IST)
    Hero Image
    समाजवादी पार्टी प्रमुख अखि‍लेश यादव।- फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा उपचुनाव को लेकर सपा ने अपना मैदान सजा दिया है। दिग्गजों के हाथ में चुनाव की कमान सौंपने के साथ प्रत्याशियों के चयन में भी सपा सतर्कता बरत रही है। सपा ने राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव सहित कई दिग्गजों को अगस्त में ही छह सीटों का चुनाव प्रभारी बनाकर चुनावी बिगूल फूंक दिया है। इन छह सीटों पर ही अब तक सपा ने अपने प्रत्याशी भी घोषित किए हैं। अब शेष चार सीटों में से सपा दो और पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सपा गठबंधन में गाजियाबाद सदर सीट कांग्रेस को दे सकती है। सूत्रों के मुताबिक अलीगढ़ की खैर सीट के लिए भी सपा व कांग्रेस में बात चल रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना था। इसमें से पांच सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी। मंगलवार को जिन नौ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई, उनमें वर्ष 2022 के चुनाव में चार सीटें करहल, कटेहरी, कुंदरकी व सीसामऊ सपा ने जीती थीं। मीरापुर सीट पर आरएलडी ने सपा के साथ गठबंधन में जीत दर्ज की थी। सपा ने शिवपाल सिंह यादव को कटेहरी सीट की कमान सौंपी है। फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव को मिल्कीपुर सीट का प्रभारी बनाया है। हालांकि, इस सीट पर अभी उपचुनाव घोषित नहीं हुआ है।

    चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह को मझवां, पूर्व मंत्री चंद्रदेव यादव को करहल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज को फूलपुर और विधायक राजेंद्र कुमार को सीसामऊ सीट का प्रभारी बनाया गया है। सपा ने अब तक गाजियाबाद, खैर, मीरापुर और कुंदरकी सीट पर अपने प्रभारी घोषित नहीं किए हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करहल सीट जीती थी। अखिलेश यादव ने भतीजे तेज प्रताप यादव को करहल से उतारा है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी यादव के पति तेज प्रताप यादव वर्ष 2014 में मैनपुरी सीट से सांसद चुने गए थे।

    इस बार लोकसभा चुनाव में उनको कन्नौज से प्रत्याशी घोषित किया गया था, हालांकि अंतिम समय में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव मैदान में उतर आए थे। कानपुर की सीसामऊ सीट से सपा के इरफान सोलंकी पिछली बार विजयी हुए थे। कोर्ट से मिली सजा के चलते विधायकी गंवाने वाले इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी इस सीट से उपचुनाव लड़ेंगी।

    तीन बार के विधायक रह चुके मुज्तबा सिद्दीकी को फूलपुर, अंबेडकरनगर से सांसद बनने के बाद लालजी वर्मा की सीट कटेहरी पर उनकी पत्नी शोभावती वर्मा और मीरजापुर की मझवां सीट से डा. ज्योति बिंद सपा प्रत्याशी होंगी। डॉ. ज्योति बसपा से तीन बार विधायक और भदोही से भाजपा के सांसद रहे डॉ. रमेश बिंद की बेटी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी सीटों पर अपनी यूथ विंग को जुटने के निर्देश दिए हैं। वह खुद भी उप चुनाव की कमान संभालेंगे। अखिलेश उपचुनावों में प्रचार से दूरी बनाकर रखते हैं।

    यह भी पढ़ें: UP By Election 2024: बसपा के सामने उपचुनाव में भी खाता खोलने की बड़ी चुनौती, तय क‍िए प्रत्‍याशी!