UP Budget Session: नोएडा की तर्ज पर झांसी-बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, संसदीय कार्य मंत्री ने की घोषणा
UP Budget Session 2023 - प्रदेश सरकार नोएडा की तर्ज पर अब झांसी-बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जेबीडा) बनाने जा रही है। इसे भी औद्योगिक शहर के रू ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो: प्रदेश सरकार नोएडा की तर्ज पर अब झांसी-बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जेबीडा) बनाने जा रही है। इसे भी औद्योगिक शहर के रूप विकसित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की। इसके साथ ही लखनऊ में नया विधानसभा भवन बनाने की भी जानकारी सरकार ने दी।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आए निवेश प्रस्तावों को देखते हुए सरकार नोएडा की तरह झांसी-बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाने जा रही है। जेबीडा का काम इसी वर्ष शुरू हो जाएगा। इस क्षेत्र में जमीन काफी सस्ती है। निवेश की अपार संभावनाएं हैं। यहां डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी है। सरकार की मंशा है कि विकास प्रदेश के अन्य जगहों पर भी हो। उन्होंने बताया कि झांसी में ही 223 से ज्यादा निवेश के प्रस्ताव आए हैं।
संसदीय कार्य मंत्री ने यह भी बताया कि लखनऊ में नई विधानसभा भी बनने जा रही है। 18वीं विधानसभा के मौजूदा सदस्यों को नई विधानसभा में बैठने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि कम से कम एक सत्र नई विधानसभा में आयोजित हो जाए। नई विधानसभा के लिए इस बजट में धनराशि की भी व्यवस्था कर ली गई है।
गौरतलब है कि योगी सरकार लखनऊ में नई विधानसभा भवन बनाने का ऐलान पहले ही कर चुकी है। वर्ष 2027 से पहले यह विधान भवन बनकर तैयार हो जाएगा। नया भवन बढ़ती जरूरतों के मुताबिक होगा। यह इको फ्रेंडली, भूकंपरोधी, आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके लिए प्रारंभिक तौर पर 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था 2023-24 के बजट में की गई है। वहीं, जेबीडा के लिए सरकार ने पांच हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।